प्रधानमंत्री रैली स्थल पर कूच करेंगे पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मी
जागरण संवाददाता, कठुआ : पिछले चार महीने से काम छोड़ हड़ताल पर बैठे पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मियों ने
जागरण संवाददाता, कठुआ : पिछले चार महीने से काम छोड़ हड़ताल पर बैठे पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मियों ने राज्य सरकार द्वारा उनकी कोई सुनवाई न किए जाने पर अब प्रधानमंत्री को अपनी समस्या बताएंगे। इसके लिए कर्मी पीएम रैली स्थल पर 3 फरवरी को कूच करेंगे। यूनियन के सदस्यों ने 3 फरवरी को पीएम की विजयपुर रैली में जाने का बुधवार जिला मुख्यालय पर ऐलान किया। रैली के एक दिन पहले पीएचई के अस्थायी कर्मी शाम को कैंडल मार्च भी निकालेंगे। उसके दूसरे दिन रैली स्थल में जाकर पीएम को अपनी व्यथा सुनाएंगे। यूनियन के प्रधान शिवनारायण सिंह ने बताया कि राज्य में हालांकि भाजपा सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल में उनकी एक भी समस्या का समाधान करने के लिए सफल नहीं हो पाई है। जिसके चलते अब उन्होंने आखिरी गुहार प्रधानमंत्री के समक्ष लगाने की तैयारी की है। अगर उसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वो कोई भी कदम उठाने के लिए मजूबर हो जाएंगे। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी,क्योंकि अब उनके संयम की सीमा जवाब दे रही है। उनकी जहां भी सुनवाई नहीं हुई है, अब सिर्फ पीएम पर उम्मीद टिकी है। उन्होंने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में 54 महीने का बकाया वेतन और 20 साल से अस्थायी सेवाओं को स्थायी करना है। इस मांग को लेकर वो चार महीने से काम छोड़ हड़ताल पर हैं।