Ceasefire Violation: जम्मू-कश्मीर के कठुआ और कुपवाड़ा में पाकिस्तान ने की गोलाबारी
Ceasefire Violation किस्तानी सेना ने उत्तरी कश्मीर के नौगाम सेक्टर में भारतीय सैन्य व नागरिक ठिकानों पर गोलाबारी की। इसके जवाब में भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके पहले कठुआ में गोलाबारी की गई।
श्रीनगर/कठुआ, जेएनएन। भारतीय सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में भारी नुकसान उठाने के बावजूद पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर माहौल खराब करने की कोशिश में लगा हुआ है। शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना ने उत्तरी कश्मीर के नौगाम (कुपवाड़ा) सेक्टर में भारतीय सैन्य व नागरिक ठिकानों पर गोलाबारी की। इसके जवाब में भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके पहले वीरवार की रात को कठुआ जिले में गोलाबारी की गई। नौगाम सेक्टर में स्थित भारतीय सैन्य व नागरिक ठिकानों पर पाकिस्तान ने सुबह ही तोप और मोर्टार से गोलाबारी शुरू कर दी। कई गोले अग्रिम गांव के पास खेतों और सैन्य चौकियों क आसपास गिरे। इनमें किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, ग्रामीण बंकरों में छिपे रहे।
भारतीय सेना ने गोलाबारी का करारा जवाब दिया है। दोपहर के बाद गोलाबारी बंद हो गई थी। नौगाम सेक्टर में ही पहली अक्टूबर 2020 को पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में दो सैन्यकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा पाकिस्तानी रेंजरों ने वीरवार की रात को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में चांदवा, कोठा क्षेत्र में मशीनगनों से फायरिंग की। शुक्रवार तड़के चार बजे तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही। इस सेक्टर में लगातार हो रही गोलीबारी से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस समय धान की फसल पक कर तैयार है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार गोलीबारी से कटाई करने में दिक्कत आना तय है।
गौरतलब है कि उत्तरी कश्मीर में उड़ी (बारामुला) सेक्टर में बुधवार दोपहर को गुलाम कश्मीर से पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय नागरिक व सैन्य ठिकानों पर गोलाबारी शुरू की थी। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना का एक बंकर तबाह हो गया। इसी बीच, पाक सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे सभी इलाकों में सेना ने घुसपैठ की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं, जम्मू संभाग के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में पाक रेंजर्स ने रिहायशी क्षेत्रों में गोलाबारी की थी।