'मेरा परिवार,भाजपा परिवार' कार्यक्रम के तहत 8 हजार झंडे बांटे
जागरण संवाददाता, कठुआ : आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा ने जमीनी स्तर के कार्यकता
जागरण संवाददाता, कठुआ : आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा ने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में गत दिवस जहां समर्पण दिवस मनाया गया, वहीं मंगलवार 'मेरा परिवार, भाजपा परिवार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यकर्ताओं को अपने-अपने घरों में पार्टी के झंडे लगाने के लिए बांटे गए। मंडल कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम की कठुआ में शुरूआत पूर्व वन मंत्री राजीव जसरोटिया के आवास पर झंडा लगाने से की। इस मौके पर मंडलों के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं पार्टी की विचारधारा से जुड़े आम लोग भी मौजूद रहे। जिन्होंने पार्टी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। पूर्व वन मंत्री राजीव जसरोटिया ने आयोजित किए गए कार्यक्रम के बारे में बोलते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दिशा निर्देश पर पूरे देश में 5 करोड़ झंडे लगाने का लक्ष्य है। इसी लक्ष्य के तहत जिला कठुआ में भी एक ट्रक झंडे पहुंचे हैं। जिन्हें पार्टी के पदाधिकारी, मंडल के पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ता एवं उनकी पार्टी से जुड़े लोग अपने-अपने घरों पर लगाएंगे ताकि पार्टी के प्रति समर्पण भावना मेरा परिवार भाजपा परिवार आम लोगों में भी उजागर की जा सके। इसके साथ अन्य लोगों को बताया जाएगा कि वो पार्टी के प्रति इसलिए समर्पित हैं क्योंकि इस पार्टी ने देश के विकास, राष्ट्रीयता को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए हैं। इसलिए उन्होंने भाजपा को अपना परिवार बनाया है। जिला प्रधान प्रेम नाथ डोगरा ने बताया कि कठुआ में आठ हजार झंडा पार्टी का लगा दिया गया है,जब कि मांग 25 हजार से भी ज्यादा है। जहां तक कि आम लोग झंडा लगाने के लिए उसकी कीमत तक भी देने को तैयार हैं,हालांकि झंडा निशुल्क है।
वहीं सीटी मंडल प्रधान विद्यासागर शर्मा ने बताया कि शहर के प्रत्येक भाजपा नेता,पूर्व मंत्री,जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी,कार्यकर्ता के अलावा आम लोग जो पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं,के घरों में दो मार्च तक झंडे लगाए जाने का अभियान है। इस अभियान की कठुआ में भी शुरूआत की गई है। जिसमें पूर्व विधायक राजीव जसरोटिया के घर पर पहला झंडा लगाकर अभियान शुरू हुआ है। इस मौके पर जिला प्रधान प्रेम नाथ डोगरा, रघुनंदन सिंह बबलू, डॉ नरेंद्र सिंह जसरोटिया, बलवंत सिंह, रेखा कुमारी, इंदू रेखा, उपदेश अंडोत्रा, संजीव वैद,
पुरुषोत्तम शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।