जम्मू-कश्मीर: कठुआ के पांच युवकों ने गुजरात की फर्म को लगाया 5 करोड़ का चूना, शेयर और क्रिप्टो निवेश का दिया झांसा
गुजरात पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने कठुआ में दो जगहों पर छापे मारे। यह कार्रवाई कठुआ के पांच युवकों ...और पढ़ें

कठुआ के पांच युवकों ने गुजरात की फर्म को लगाया 5 करोड़ का चूना (फाइल फोटो)
HighLights
गुजरात पुलिस ने कठुआ में दो ठिकानों पर छापे मारे।
पांच युवकों पर 5 करोड़ की वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप।
शेयर बाजार और क्रिप्टो निवेश के नाम पर ठगी की।
अजय मीनिया, कठुआ। गुजरात पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने वीरवार को कठुआ में दो जगहों पर छापे मारे। यह छापे कठुआ और राजबाग के गांव बनियारी के रहने वाले पांच युवकों द्वारा गुजरात की एक फर्म के साथ वित्तीय धोखाधड़ी के संदर्भ में मारे गए।
सूत्रों का कहना है कि मामला शेयर बाजार और क्रीप्टो में लगाने के नाम पर ठगी का है। दो युवक कठुआ शहर के बताए जा रहे हैं, जकि तीन राजबाग क्षेत्र के। वीरवार को टीम ने कठुआ और राजबाग पुलिस की मदद से आरोपितों के घरों को खंगाला।
हालांकि वे लोग घरों पर नहीं मिले, लेकिन परिवारों से पुलिस टीम ने पूछताछ की। इनके बैंक खातों की जानकारी ली। कठुआ पुलिस से भी जानकारी ली। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने शेयर बाजार में पैसा लगवाने के नाम पर कठुआ के भी कुछ लोगों से बड़े स्तर पर पैसा लिया है।
इनमें से एक पीड़ित ने कठुआ पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज कराई है। पांचों युवक 20 से 25 वर्ष की आयु के हैं। शुरूआत में इन लोगों ने जब पैसा लिया तो पांचों ने कई लग्जरी कारें खरीदीं।
जिससे इन पर शक हुआ। इन्होंने जल्दी अमीर बनने के चक्कर में लोगों को अपने झांसे में लिया और उनसे लाखों की ठगी की। जबकि गुजरात की भी फर्म को यही कहकर अपने साथ जोड़ा कि उनका पैसा शेयर बाजार और क्रीप्टो में लगवाएंगे।
करीब पांच करोड़ रुपये गुजरात की फर्म से लिए गए हैं, जिसके बाद युवकों ने पैसा वापस नहीं लौटाया। फर्म ने गुजरात पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुजरात पुलिस ने दबिश दी है। हालांकि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
