विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कठुआ पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, एसएसपी मोहिता के निर्देश पर ड्रग तस्करी में फंसा सिपाही बर्खास्त

By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 04 Aug 2026 05:16 PM (IST)

कठुआ पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

एसएसपी कठुआ मोहिता ने दिया कड़ा संदेश- वर्दी में नशे के लिए कोई जगह नहीं।

एसएसपी कठुआ मोहिता ने दिया कड़ा संदेश- वर्दी में नशे के लिए कोई जगह नहीं।

HighLights

  1. कठुआ पुलिस ने ड्रग तस्करी में लिप्त सिपाही को बर्खास्त किया।

  2. एसएसपी मोहिता शर्मा ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की।

  3. विभागीय जांच में सिपाही आफताब अहमद पर लगे आरोप साबित हुए।

डिजिटल डेस्क, कठुआ। जम्मू-कश्मीर की कठुआ जिले में पुलिस विभाग ने नशे के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को एक बार फिर दोहराते हुए सख्त और अनुकरणीय कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कठुआ, मोहिता शर्मा ने विभाग के एक सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया है, जो नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त पाया गया था।

बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मी की पहचान सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल आफताब अहमद, निवासी पौनी, तहसील व जिला रियासी के रूप में हुई है।

आरोपी सिपाही को थाना बिलावर की पुलिस टीम ने नाका चेकिंग के दौरान पकड़ा था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना बिलावर में मामला दर्ज किया गया था। एक पुलिसकर्मी का ही इस तरह नशे के अवैध कारोबार में शामिल होना विभाग के लिए बेहद शर्मनाक और गंभीर अनुशासनहीनता का मामला माना गया।

विभागीय जांच में सही पाए गए आरोप

आरोपी कांस्टेबल को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। यह निलंबन आदेश DPO कठुआ द्वारा जारी किया गया था। इसके साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू की गई। इस जांच की जिम्मेदारी एसपी ऑपरेशंस, अपर कठुआ को सौंपी गई थी ताकि नियमानुसार पूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सके।

विभागीय जांच अधिकारी द्वारा गहनता से जांच पूरी की और एसएसपी कार्यालय में रिपोर्ट पेश की गई। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया कि विभागीय जांच में लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से साबित हुए हैं। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में सिफारिश की कि दोषी सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल आफताब अहमद को "सेवा से बर्खास्तगी" जैसी बड़ी सजा दी जाए।

एसएसपी कठुआ का सख्त संदेश

जांच रिपोर्ट में आरोप साबित होने के बाद, एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने जम्मू-कश्मीर पुलिस नियमों के नियम 335 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया।

एसएसपी कठुआ ने कहा कि यह कार्रवाई विभाग में सख्त अनुशासन बनाए रखने और सभी रैंकों के अधिकारियों और जवानों के लिए एक अनुकरणीय नजीर पेश करने के उद्देश्य से की गई है, ताकि भविष्य में कोई भी पुलिसकर्मी नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल होने की हिम्मत न कर सके।

इस फैसले से एक बात साफ हो गई है कि कठुआ पुलिस नशे के खिलाफ लड़ाई में किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है, चाहे आरोपी कोई आम नागरिक हो या खाकी वर्दी पहने वाला ही क्यों न हो।