मकर संक्रांति पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
मकर संक्रांति का पर्व जिला भर में धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जहां लोगों ने अपने घरों में खिचड़ी का दान किया वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भंडारे भी किए और खिचड़ी का विशेष प्रसाद भी बांटा।
जागरण टीम, कठुआ/बिलावर: जिले में मकर संक्रांति धार्मिक श्रद्धा से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जहां लोगों ने घरों में खिचड़ी का दान किया, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भंडारे भी किए। मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ कुछ लोगों ने पवित्र बावलियों में स्नान किया।
शहर के जराई चौक में हर वर्ष की तरह स्थानीय निवासी रमेश, जोगेंद्र एवं गौरव गुप्ता ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर खिचड़ी बांटी गई। वहीं बिलावर उपजिला में मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए पूरे दिन लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
मंगलवार को मकर संक्रांति पर बिलावर स्थित पांडवों द्वारा निर्मित भगवान शिव के बिलकेश्वर महाराज के मंदिर में भारी संख्या में शिव भक्तों ने पूजा अर्चना कर मंगलमय जीवन की कामना की और खिचड़ी के भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। बिलावर स्थित बिलकेश्वर मंदिर में सुबह चार बजे जैसे ही मंदिर के कपाट खुले तो शिव पिडी पर जल अर्पण करने के लिए शिव भक्तों की लंबी कतारे लगनी शुरू हो गई। हजारों शिव भक्तों ने बिलकेश्वर मंदिर में शिवलिंग पर जलधारा कर मंगलमय भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की। नाज दरिया स्थित बजरंगबली धाम में भी लोगों ने शांती और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मकर संक्रांति पर महाकाली मंदिर के प्रांगण में खिचड़ी का भोग बनाया गया, जिसमें लोगों ने भोले बाबा के प्रसाद के रूप में खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा माता सुकराला देवी के दरबार में भी भक्तों का भारी भीड़ उमड़ा।