विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूलर, गमले, पुराने टायरों में छिपा डेंगू का खतरा, कठुआ में नया केस; 44 हुए डेंगू-मलेरिया के मामले, घर-घर जांच शुरू

Published: Sat, 26 Sep 2026 06:50 PM (IST)

कठुआ में डेंगू का एक और मामला सामने आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 26 और मच्छर ...और पढ़ें

कठुआ में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, कुल मामले 44 हुए। (फाइल फोटो)

कठुआ में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, कुल मामले 44 हुए। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कठुआ में डेंगू के कुल मामले बढ़कर 26 हुए।

  2. मच्छर जनित बीमारियों का आंकड़ा 44 तक पहुंचा।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने एंटी-लार्वा छिड़काव, जागरूकता अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, कठुआ। बरसात के बाद मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। कठुआ जिले में डेंगू का एक और मामला सामने आने के बाद डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 26 और डेंगू-मलेरिया के कुल मामलों का आंकड़ा 44 पहुंच गया है। नया मामला कठुआ शहर के शिव नगर वार्ड नंबर 16 से सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी बनी वर्तमान में शिव नगर वार्ड नंबर 16 में रह रहे हैं। जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार जीएमसी कठुआ में चल रहा है।

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए मरीज के घर और आसपास के क्षेत्र में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करवाया। इसके साथ ही आसपास के लोगों को भी डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

फ्लाइंग स्क्वाड टीमें घर-घर पहुंचा रहीं जागरूकता

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम चंद के निर्देश पर डीएमओ सोहन लाल के नेतृत्व में मलेरिया विंग की फ्लाइंग स्क्वाड टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान चला रही हैं। सीनियर हेल्थ इंस्पेक्टर लोकेश राज डिगरा ने बताया कि टीमें घर-घर जाकर लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ संभावित लार्वा स्थलों की जांच कर रही हैं।

'घर के आसपास पानी जमा न होने दें'

शनिवार को टीम ने कठुआ शहर के वार्ड नंबर 14 में भी अभियान चलाकर घरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कूलर, गमले, पुराने टायर, पानी के ड्रम और अन्य बर्तनों में जमा पानी की जांच की गई। संभावित लार्वा स्थलों पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। बुखार या डेंगू-मलेरिया से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।