लग्जरी कारों का तोहफा देकर जीतते थे दिल, फिर करवाते थे करोड़ों का इन्वेस्टमेंट; जम्मू के कठुआ से हाईटेक ठगी का पर्दाफाश
कठुआ के पांच जालसाजों ने शेयर बाजार और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर कई राज्यों के लोगों से ...और पढ़ें

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
कठुआ के पांच जालसाजों ने करोड़ों की धोखाधड़ी की
नकली ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और लग्जरी कारों का इस्तेमाल किया
गुजरात पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया, आरोपी फरार
अजय मीनिया, कठुआ। शेयर बाजार और क्रिप्टो करेंसी (बिटकाइन) में निवेश के नाम पर कठुआ के पांच जालसाज देश के कई राज्यों के लोगों से करोड़ों की धोखाधड़ी कर चुके हैं। उनके हाईटेक नेटवर्क में लोग भारी भरकम पैसा लगाने के लिए खींचे चले आते थे।
भरोसा जीतने के लिए जालसाजों ने नकली ऑनलाइन प्लेटफार्म या ऐप्लिकेशन तैयार किया हुआ था, जिस पर निवेश की रकम व उस पर मिलने वाला "काल्पनिक मुनाफा" लाइव दिखाई देता था।
यही नहीं गिरोह में प्रोफेशनल लोगों को जोड़ा कर उन्हें महंगे और लग्जरी वाहन तक खरीद कर तोहफे में दिये जाते। ताकि ये लोग उनके काले धंधे को आसमान पर ले जाएं।
गत दिनों गुजरात पुलिस ने जब इस गिरोह का पर्दाफाश किया तो कड़ी दर कड़ी कई चौकाने वाले सुराग मिलते रहे। जांच में पता चला कि पूरा गिरोह कठुआ जिले से संचलित है और इसमें पांच युवा शामिल हैं।
क्यों देते थे महंगी कारें
सूत्रों के अनुसार पांचों जालसाजों ने गिरोह में पांच और युवकों को शामिल कर एक ही नंबर की पांच काले रंग की फॉर्चुनर कारें खरीद कर दी थीं। प्रत्येक कार की कीमत 30 से 35 लाख है।
ये पांचों अमीर लोगों को फंसाकर करोड़ों का निवेश करवाते थे। मौजूद समय में सभी आरोपित भूमिगत हो चुके हैं। बताया जाता है कि दो युवक कठुआ शहर के और तीन राजबाग क्षेत्र के। पांचों 20 से 25 वर्ष की आयु के हैं।
बचाने में जुटा एक राजनेता
कई राज्यों की पुलिस गिरोह की तलाश में है। कठुआ में छापेमारी जारी है। दूसरी ओर आरोपितों के बचाव के लिए कठुआ में एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी का नेता है जिसकी तस्वीरें आरोपितों के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हैं।
बता दें कि आरोपितों ने गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू कश्मीर के कई लोगों को क्रीप्टो और शेयर मार्केट के नाम पर करोड़ों का चूना लगाया। वीरवार को एक और युवक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है।
दुबई में बैठे ठग ने सेना के बड़े अधिकारी से ठग लिए 50 लाख, पुलिस में शिकायत
पांच जालसाजों की तरह कठुआ के हीरानगर में एक और ठग कुछ समय पहले तक सक्रिय था जो अब इस समय दुबई में है। हीरानगर में कंपनी खोलकर वह लोगों के करोड़ों रुपये इकट्ठे कर दुबई भाग गया था। उसके खिलाफ हीरानगर पुलिस स्टेशन और जम्मू क्राइम ब्रांच के पास भी शिकायतें दर्ज हैं।
वीरवार को कठुआ में सेना के एक बड़े अधिकारी ने 50 लाख ठगी की शिकायत दर्ज कराई। आरोपित भी पूर्व सुरक्षा एजेंसी का कर्मी रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपित के खिलाफ पहले कई शिकायतें हैं। उस पर भाई के बैंक खातों से भी करोड़ों का लेनदेन का आरोप है। हटली में आरोपित की एक फैक्ट्री भी है। बताया जाता है कि इस ठग को देख पांचों जालसाज उसके नक्शे कदम पर चले।
धोखाधड़ी के थे ये तरीके नकली ऑनलाइन प्लेटफार्म
आरोपितों ने नकली एप्लिकेशन और वेबसाइट्स बनाई थीं। इन पर निवेशकों को उनका पैसा और उस पर मिलने वाला काल्पनिक (झूठा) मुनाफा लाइव दिखाई देता था। इसी झांसे में आकर लोग भारी रकम निवेश कर देते थे।
- निवेश के माध्यम: यह गिरोह शेयर बाजार और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था।
- लक्जरी लाइफस्टाइल और तोहफे: गिरोह में प्रोफेशनल लोगों को जोड़ने के लिए उन्हें महंगे और लक्जरी वाहन तोहफे में दिए जाते थे।
