विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कठुआ गोलीकांड की जांच तेज, CISF DG और 2 राज्यों की पुलिस ने खंगाला घटनास्थल; फोरेंसिक टीम ने जुटाए एविडेंस

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:34 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के माश्का में एनएचपीसी की सेवा-दो परियोजना में गोलीकांड के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं।

कठुआ गोलीकांड मामले की जांच शुरू।

कठुआ गोलीकांड मामले की जांच शुरू।

HighLights

  1. कठुआ के माश्का में एनएचपीसी परियोजना में गोलीबारी हुई

  2. सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट सहित चार जवान शहीद

  3. सुरक्षा एजेंसियां और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

संवाद सहयोगी, डलहौजी/कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के माश्का में एनएचपीसी की सेवा-दो जल विद्युत परियोजना में मंगलवार शाम हुए गोलीकांड के बाद बुधवार को सुरक्षा एजेंसियां दिनभर जांच में जुटी रहीं।

सीआईएसएफ के एक मुख्य आरक्षी द्वारा की गई गोलीबारी में सहायक कमांडेंट सहित चार जवानों की मौत के बाद बुधवार सुबह सीआईएसएफ के महानिदेशक (डीजी) सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

डीजी के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी तथा चंबा के डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा की अगुवाई में हिमाचल पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।

एनएचपीसी अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम

गोलीबारी में मारे गए सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट (कंपनी कमांडर) अंकित कुमार, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, आरक्षी संजीव कुमार और आरक्षी मोहम्मद रफीक के शवों का बुधवार को समलेउ (खैरी) स्थित एनएचपीसी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।

सीमा से सटे क्षेत्रों में दहशत का माहौल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के खैरी क्षेत्र से सटे जम्मू-कश्मीर के माश्का में हुई इस घटना के बाद दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। घटना के बाद बुधवार को सीआईएसएफ के उच्चाधिकारियों के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस, हिमाचल पुलिस और अन्य सुरक्षा जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। दिनभर घटनास्थल की जांच और साक्ष्य जुटाने का सिलसिला जारी रहा।