विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: हीरानगर में बारिश से सड़कें बनीं जानलेवा, गड्ढों में भरा पानी और सड़क पर फैलीं झाड़ियां; टेंडर के बावजूद काम ठप

Published: Sat, 15 Aug 2026 09:08 AM (IST)

बरसात के कारण हीरानगर उपमंडल की कई प्रमुख और संपर्क सड़कें बदहाल हो गई हैं, जिससे झाड़ियों और गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बढ़ गया है।

जम्म्मू-कश्मीर: हीरानगर में बारिश से सड़कें बनीं जानलेवा (जागरण फोटो)

जम्म्मू-कश्मीर: हीरानगर में बारिश से सड़कें बनीं जानलेवा (जागरण फोटो)

HighLights

  1. बरसात से हीरानगर की सड़कें बदहाल, झाड़ियों और गड्ढों से भरीं।

  2. सड़कों पर पानी भरने से हादसों का खतरा बढ़ा, वाहन चालकों को परेशानी।

  3. स्थानीय लोगों ने PWD से तत्काल मरम्मत और झाड़ी कटाई की मांग की।

जागरण संवाददाता, हीरानगर। बरसात के मौसम में उपमंडल की कई प्रमुख और संपर्क सड़कों की हालत बद से बदतर हो गई है। सड़कों के किनारों पर उगी झाड़ियां अब सड़क के बीच तक फैल गई हैं, जिससे कई स्थानों पर सड़कें संकरी हो गई हैं।

स्थिति यह है कि आमने-सामने से दो वाहन गुजरने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।

हरिपुर-मनीयारी, महाराजपुर-चकड़ा, जंगी चक-हीरानगर और सन्याल-हीरानगर सहित उपमंडल की कई सड़कों पर बरसात के बाद हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इन मार्ग पर सुबह और शाम के समय स्कूल बसों के अलावा यात्री वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है।

सड़क पर पानी भरे गड्ढों और दोनों ओर फैली झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई सड़कों पर बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है।

इससे सड़क की हालत लगातार खराब हो रही है और गड्ढे भी बढ़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले बरसात के मौसम में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों की मरम्मत के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई करवाई जाती थी, लेकिन इस बार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अभी तक अधिकांश स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बरसात के दौरान बढ़ती परेशानी को देखते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और पानी की निकासी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि यातायात सुचारु रहने के साथ हादसों की आशंका को भी कम किया जा सके।

पीडब्ल्यूडी के एईई मोहम्मद कबीर ने बताया कि संबंधित सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।