लगातार हो रही बारिश से बिलावर के नदी नाले उफान पर
संवाद सहयोगी बिलावर उप जिला में लगातार हो रही बारिश के चलते अधिकांश नदी नालों का जलस्तर बढ़ने
संवाद सहयोगी, बिलावर: उप जिला में लगातार हो रही बारिश के चलते अधिकांश नदी नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति है। सोमवार रात हुई मूसलधार बारिश के बाद उज्ज, भिन्नी, नाज, पंचदेव नदी नाला उफान पर है। हालांकि, बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल गई है।
बारिश होने के बाद धान की रोपाई कर रहे किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल गया। दरिया में आई बाढ़ के कारण नादिया स्थित भगवान हनुमान की प्राचीन शीला के पास पानी पहुंच गया। नदी नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों को कई प्रकार की दिक्कतें भी पेश आई। बेरल गाव में भीनी में आई बाढ़ लोगों के लिए मुसीबतें खड़ी करने वाली थी। पूर्व सरपंच अख्तर अली ने बताया कि भिन्नी में आई बाढ़ से दरिया का जलस्तर काफी बढ़ चुका था, लेकिन वह अभी खतरे के निशान से नीचे है। इससे लोगों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। बारिश की वजह से दलिया कड़ेतर, लाडी, धार डूगनू, होटार सहित केई संपर्क मार्गो पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुआ है। सड़क मार्ग बंद होने के कारण लोगों को तहसील मुख्यालय अपने कामों के लिए पदयात्रा ही करनी पड़ी।