विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेती में बंपर कमाई का नया रास्ता, 95% सब्सिडी से लगाया हाईटेक पॉलीहाउस; अब लाखों कमा रहे कठुआ के किसान देवी दास

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:51 PM (IST)

सेवानिवृत्त किसान देवी दास हाई-टेक पॉलीहाउस के जरिए सालाना 7-8 लाख रुपये कमा रहे हैं। उन्होंने सरकारी सब्सिडी का लाभ ...और पढ़ें

हीरानगर के देवी दास ने हाई-टेक पॉलीहाउस से बदली खेती की तस्वीर। (फाइल फोटो)

हीरानगर के देवी दास ने हाई-टेक पॉलीहाउस से बदली खेती की तस्वीर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सेवानिवृत्त देवी दास ने पॉलीहाउस से खेती को बनाया लाभकारी।

  2. सरकारी सब्सिडी से 20 लाख का हाई-टेक पॉलीहाउस स्थापित किया।

  3. सब्जियों, प्याज, फूलों की नर्सरी से लाखों की कमाई।

जागरण संवाददाता, हीरानगर। सेवानिवृत्ति के बाद खेती को आमदनी का जरिया बनाने वाले जांडी लाडा गांव के प्रगतिशील किसान देवी दास आज दूसरे किसानों के लिए मिसाल बने हुए हैं। रावी-तवी सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त 75 वर्षीय देवी दास अपनी दस कनाल भूमि में सब्जियों, प्याज और फूलों की नर्सरी तैयार कर सालाना सात से आठ लाख रुपये कमा रहे हैं।

उनकी तैयार नर्सरी की मांग कठुआ जिले के अलावा जम्मू तक है।

₹20 लाख के पॉलीहाउस पर 95% सब्सिडी

बदलते मौसम में खेती को सुरक्षित और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से देवी दास ने 20 लाख रुपये की लागत से हाईटेक पॉलीहाउस स्थापित किया है। इसके लिए उन्हें कृषि योजना के तहत 95 प्रतिशत सब्सिडी मिली है।

वर्तमान में पॉलीहाउस में खीरे की खेती के साथ विभिन्न सब्जियों की नर्सरी तैयार की जा रही है, जबकि खुले खेतों में प्याज और फूलों की पनीरी लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

अब हर साल प्याज और फूलों से अच्छी कमाई

देवी दास ने बताया कि सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने नर्सरी तैयार करने का काम शुरू किया था। मेहनत और अनुभव के दम पर धीरे-धीरे उनकी नर्सरी की मांग बढ़ती गई। अब वह हर साल प्याज और फूलों की नर्सरी तैयार कर अच्छी आमदनी हासिल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण खुले खेतों में खेती करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है और सीजन के बगैर भी पाली हाउस में सब्जियां लगा कर अच्छी आमदनी हो सकती है। ऐसे में हाईटेक पॉलीहाउस किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

इसमें प्रतिकूल मौसम के प्रभाव को कम करने और सब्जियों की खेती के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिलती है। इससे किसानों को फसलों की बेहतर देखभाल करने और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन करने का अवसर मिलता है।

सरकारी सब्सिडी से खेती में करें नए प्रयोग

देवी दास अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका मानना है कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ उठाकर किसान खेती में नए प्रयोग कर सकते हैं और अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। 75 वर्ष की उम्र में भी खेती के प्रति उनका उत्साह क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

12 से अधिक किसान हाईटेक पॉलीहाउस से उगा रहे सब्जियां

वहीं कृषि विभाग जिला कठुआ के मुख्य कृषि अधिकारी जतिंदर कुमार का कहना है कि विभाग किसानों को आधुनिक खेती के लिए जागरूक करता आ रहा है।

विभाग के विशेषज्ञ समय समय पर गांवों में शिविर लगाकर किसानों को नई नई तकनीक के बारे में जानकारी देते रहते हैं। उप मंडल हीरानगर में इस समय 12 से अधिक किसान हाइटेक पाली हाउस लगा कर सब्जियां उगा रहे हैं।