जम्मू-कश्मीर: कठुआ में चकड़ा-महाराजपुर सड़क चौड़ीकरण शुरू, स्थानीय लोगों के लिए आसान होगा सफर
हीरानगर में महाराजपुर से चकड़ा तक 13 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कार्य शुरू हो गया है।

कठुआ में चकड़ा-महाराजपुर सड़क चौड़ीकरण शुरू (फाइल फोटो)
HighLights
BRO ने चकड़ा-महाराजपुर सड़क चौड़ीकरण कार्य तेज किया
स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत, झाड़ी कटाई की मांग की
एसडीएम हीरानगर ने BRO को मरम्मत के निर्देश दिए
संवाद सहयोगी, हीरानगर। महाराजपुर से चकड़ा तक 13 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का काम सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने तेज कर दिया है।
सड़क पर पानसर तक पुलियों के निर्माण और मिट्टी बिछाने का काम जारी है, लेकिन सड़क के शेष हिस्से पर उगी झाड़ियों और गड्ढों से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के साथ-साथ सड़क की मरम्मत करवाने, किनारों पर उगी झाड़ियों की कटाई और गड्ढों को भरने की मांग उठाई है।
क्षेत्र निवासी कुलदीप राज, प्रदीप कुमार, मोहन लाल और नरेश कुमार का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र की इस मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
सड़क से भारी भरकम डंपर भी गुजरते हैं, जबकि कई हिस्सों में झाड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है और गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण का काम पूरा होने तक सड़क की मौजूदा हालत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
निर्माण कार्य के साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीआरओ से मांग की कि सड़क के चौड़ीकरण के साथ-साथ पुराने हिस्से की मरम्मत, गड्ढों को भरने और झाड़ियों की कटाई का काम भी प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाए।
इस संबंध में एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सड़क की समस्या से अवगत करवाया था। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को सड़क की मरम्मत करवाने और किनारों पर उगी झाड़ियों की कटाई करने के निर्देश दिए हैं।
