चार दिन बाद खुला बनी-बसोहली मार्ग, लोगों ने ली राहत की सांस
यातायात के लिए बंद जिला का महत्वपूर्ण बनी-बसोहली मार्ग शुक्रवार दोपहर बाद यातायात के लिए बहाल हो गया। मार्ग के बहाल होते ही बनी के लोगों ने राहत की सांस ली। बंद रोड को बहाल करने के लिए ग्रेफ की मशीनरी लगातर कार्य कर रही थी। जिसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे मार्ग को यातायात के चलने के योग्य
जागरण संवाददाता, कठुआ : बारिश के कारण विगत चार दिन से यातायात के लिए बंद जिले का महत्वपूर्ण बनी-बसोहली मार्ग शुक्रवार दोपहर बाद यातायात के लिए बहाल हो गया। मार्ग के बहाल होते ही बनी के लोगों ने राहत की सांस ली। बंद रोड को बहाल करने के लिए ग्रेफ की मशीनरी लगातर कार्य कर रही थी। जिसके बाद दिन में साढ़े तीन बजे मार्ग को यातायात के चलने के योग्य बना दिया।
मार्ग खुलते ही दोनों ओर रुके सैकड़ों वाहन अपनी मंजिल की ओर यात्री एवं आवश्यक सामग्री लेकर रवाना हुए। मगैर के पास बंद हुए मार्ग को खोलने के लिए बारिश के बीच ग्रेफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भारी भूस्खलन के कारण मार्ग पर लगातार मलबा गिरता चला आ रहा था, लेकिन दोपहर बाद मार्ग यातायात के लिए खुल गया। जिसके बाद वाहनों ने उक्त मार्ग पर रेंगना शुरू कर दिया था। मार्ग बंद होने से कस्बे के लिए आवश्यक सेवाओं की चीजें भी नहीं पहुंच पाई थीं, जिसमें सब्जियां, खाद्य सामग्री, दूध एवं डीजल पेट्रोल आदि शामिल था। इसी बीच गंभीर बीमार मरीज भी बेहतर उपचार के लिए बनी अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर करने के बाद भी मार्ग के बंद रहने से वहीं रुके थे, उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए अब रेफर किया जा सकेगा।