विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनपुर से अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 1 जुलाई को होगा रवाना, प्रवेश द्वार पर हाई-अलर्ट; सभी तैयारियां पूरी

By Ajay Kumar Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 30 Jun 2026 07:00 AM (IST)

लखनपुर में अमरनाथ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं, पहला जत्था 1 जुलाई को रवाना होगा। सुरक्षा के ...और पढ़ें

अमरनाथ यात्रा के लिए 1 जुलाई को लखनपुर से, 2 जुलाई को जम्मू से रवाना होगा पहला जत्था।

अमरनाथ यात्रा के लिए 1 जुलाई को लखनपुर से, 2 जुलाई को जम्मू से रवाना होगा पहला जत्था

HighLights

  1. लखनपुर से अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 1 जुलाई।

  2. सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए ड्राई रन आयोजित।

  3. यात्रियों को सुगम यात्रा हेतु वन-टाइम चेकिंग स्टिकर।

जागरण संवाददाता, कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए लखनपुर में तमाम तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। सुरक्षा बंदोबस्त भी ऐसे हैं कि परिंदा पर न मार सके। एक जुलाई बुधवार को लखनपुर से जम्मू के लिए यात्रियों का पहला जत्था रवाना किया जाएगा। जम्मू के भगवती नगर से अधिकारिक तौर पर 2 जुलाई सुबह 4 बजे एलजी मनोज सिन्हा कश्मीर के लिए पहले जत्थे को रवाना करेंगे।

वहीं यात्रा की अंतिम तैयारियों को अंजाम देते हुए सोमवार लखनपुर से लेकर हीरानगर के लाैंदी मोढ़ हाइवे और लौंदी से बड़ी ब्राह्मणा तक एक घंटे के लिए ड्राइ रन रखा गया। ताकि यात्रा की रवानगी के समय की तैयारियाें को परखा जाए। एसएसपी फारूक केसर समेत ट्रैफिक कई बड़े अधिकारी इस मौके पर मौजूद रहे।

एसएसपी ने लखनपुर से लेकर बड़ी ब्राह्मणा तक तैनात किए गए यातायात कर्मियों को उनकी ड्यूटी के लिए जरूरी हिदायतें भी दी। एसएसपी ने कठुआ में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यात्रा व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं।

सुगम-निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा

यात्रा के लिए बनाए गए ट्रैफिक प्रबंधों की जानकारी साझा की। बताया कि अमरनाथ यात्रा में शामिल सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच लखनपुर यात्रा रिसेप्शन सेंटर में एक ही बार की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद वाहनों को वन-टाइम चेकिंग स्टिकर जारी किया जाएगा। इस स्टिकर के बाद यात्रा से जुड़े वाहनों को जम्मू-कश्मीर में आगे किसी भी स्थान पर दस्तावेजों की जांच के लिए नहीं रोका जाएगा, जिससे यात्रियों को सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा के सभी वाहनों को केवल राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से ही जाने की अनुमति होगी। मुगल रोड, धार रोड अथवा किसी अन्य वैकल्पिक मार्ग से यात्रा वाहनों के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा काफिले के गुजरने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले लिंक मार्गों पर यातायात को कुछ समय के लिए रोका जाएगा, ताकि यात्रा काफिले का सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।

टोल प्लाजा जाम की बन रहा वजह

बता दें कि अमरनाथ यात्रा के लिए यात्रियों का आगमन शुरू हो चुका है। जबकि प्रदेश में बड़े स्तर पर पर्यटकों का आना जाना पहले से जारी है। ऐसे में लखनपुर में वाहनों की भारी भीड़ से जाम लग रहा है। जिससे निपटने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस दोनों के पसीने छूट रहे हैं। जाम से निपटना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। दरअसल, पंजाब से बड़े स्तर पर वाहन जम्मू में प्रवेश कर रहे हैं, जो यात्री भी हैं और लंगर लगाने वाले भी। क्योंकि यात्रा को सिर्फ नेशनल हाइवे 44 से जाने की अनुमति है। इसलिए लखनपुर में भारी जाम है।

बार्डर रोड पर भी कई नाके स्थापित

बता दें कि अमरनाथ यात्रा को लेकर लखनपुर से जम्मू तक कई पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं। जहां पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा को और मजबूत करते हुए कठुआ, सांबा जम्मू के पुराने रूट पर भी अतिरिक्त नाके स्थापित किए गए हैं। ताकि बार्डर से होने वाली मूवमेंट पर भी पैनी नजर रखी जाए। तीनों जिलों का बार्डर अति संवेदनशील है। खासकर कठुआ और सांबा के बीच हीरानगर सेक्टर। जहां से अकसर आतंकियों की घुसपैठ होती आई है।