लाठी से पीट-पीटकर हत्या, आरोपित काबू
संवाद सहयोगी बिलावर डुग्गैनी ब्लॉक की नजोत पंचायत के तरप्पड़ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर
संवाद सहयोगी, बिलावर : डुग्गैनी ब्लॉक की नजोत पंचायत के तरप्पड़ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव तरप्पड़ के वार्ड नंबर चार में 40 वर्षीय धर्म चंद पुत्र चैनो राम की उसी मोहल्ले के रहने वाले प्रकाश सिंह से पुरानी रंजिश थी। बताया जाता है कि बुधवार रात करीब दो बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, इसके बाद प्रकाश सिंह ने लाठियों से पीट-पीटकर धर्म चंद को मौत के घाट उतार दिया। लोगों का कहना है कि धर्मचंद देर रात प्रकाश सिंह पुत्र देसराज के घर क्यों गया था, यह रहस्य बना हुआ है। देर रात जब मोहल्ले के लोगों ने प्रकाश सिंह को बेरहमी से पीटते देखा तो बिलावर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मचंद को घर पहुंचाया, लेकिन जख्मों की ताव न सहते हुए करीब आधे घटे बाद उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने वीरवार सुबह अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद वारिसों को सौंप दिया। लोगों के अनुसार काफी दिनों से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। धर्मचंद वन विभाग में अस्थायी कर्मचारी के रूप में काम करता था। गाव के साथ लगती वन विभाग की नर्सरी बना रहा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बिलावर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह चिब ने बताया कि पुलिस ने जाच शुरू कर दी है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।