अखनूर में कमरे में खून से लथपथ मिला महिला का शव
अखनूर के सुंगल समाह गांव में एक महिला का घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ शव मिला। महिला के गले पर तेजधार हथियार से वार के निशान मिले हैं। मायकेवालों ने महिला की हत्या की आशंका जताई है। महिला की पहचान 35 वर्षीय संतोष देवी पत्नी विक्की कुमार के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : अखनूर के सुंगल समाह गांव में एक महिला का घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ शव मिला। महिला के गले पर तेजधार हथियार से वार के निशान मिले हैं। मायकेवालों ने महिला की हत्या की आशंका जताई है। महिला की पहचान 35 वर्षीय संतोष देवी पत्नी विक्की कुमार के रूप में हुई है।
महिला चार महीने पहले ही मां बनी थी और जिस वक्त उसका शव बरामद हुआ उस वक्त उसका पति विक्की घर में नहीं था। बताया जा रहा है कि महिला का पति नरवाल मंडी में काम करता है और शनिवार को ही घर आता था।
महिला संतोष के मायकेवालों का कहना है कि उसकी मौत को उसके ससुराल वाले आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। जिस कमरे में संतोष का शव पड़ा था, वहां एक खिड़की का शीशा टूटा था। इससे लगता है कि उसकी हत्या के बाद हत्यारा उसी रास्ते से निकला है। महिला के शव के साथ ही एक दराट पड़ा मिला और उस पर खून के धब्बे भी थे। मायकेवालों का यह भी कहना था कि दराट से कोई अपनी गर्दन खुद नहीं काट सकता और ऐसा किसी दूसरे ने ही किया।
उधर महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद अखनूर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला वहां से खून से सन्ना दराट व कुछ अन्य सबूत एकत्रित किए। पुलिस ने इसके बाद शव को कब्जे में लेकर उसे अखनूर के उपजिला अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। अभी इसे हत्या या आत्महत्या नहीं कहा जा सकता। फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही इस बारे कुछ कहा जा सकता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप