जम्मू में उफनते नाले में बही महिला, पति को बचाने गई थी; पुलिस और बचाव दल तलाश में जुटे
जम्मू में भारी बारिश के कारण रायपुर बन तालाब इलाके में एक महिला अपने पति को उफनते नाले से बचाने ...और पढ़ें

रायपुर बनतालाब में उफनते नाले में बही महिला।
HighLights
रायपुर बन तालाब में महिला उफनते नाले में बही।
पति को बचाने के प्रयास में खुद पानी में बह गई।
राबिया कौसर अभी तक लापता, तलाश अभियान जारी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू में तेज बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। रायपुर बन तालाब इलाके में उफनते नाले में पति को फंसा देख पत्नी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह खुद ही बह गई। महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।
घटना के बारे में महिला के रिश्तेदार रफीक अहमद ने बताया कि सुबह बारिश के कारण नाले में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया था। राबिया कौसर का पति अपनी गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर हटाने के लिए बाहर निकला।
देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया और गाड़ी भी पानी की चपेट में आ गई। स्थिति बिगड़ती देख राबिया कौसर उसे वापस आने के लिए कहने लगी और उसे बचाने के प्रयास में आगे बढ़ी। इसी बीच तेज बहाव की चपेट में आकर महिला बह गई।
इलाके में चिंता का माहौल
घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। महिला की तलाश के लिए पुलिस और संबंधित बचाव दल ने कार्रवाई शुरू कर दी। एसएचओ दोमाना वरुणेश्वर सिंह ने बताया कि देर शाम तक महिला की तलाश जारी रही। अभी तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
वहीं, पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने रायपुर बन तालाब नाले के आसपास महिला को देखा हो या उसके संबंध में कोई जानकारी मिली हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
उफनते नालों से दूर रहें लोग
लगातार बारिश के बीच नदी-नालों में अचानक पानी बढ़ने का खतरा बना रहता है। ऐसे में लोगों को उफनते नालों के पास जाने और पानी के तेज बहाव में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास करने से बचना चाहिए।
