वैष्णो देवी के मार्ग पर ही महिला श्रद्धालु ने दिया शिशु को जन्म
रात अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी दर्शन को आई महिला श्रद्धालु ने वैष्णो देवी मार्ग पर बाणगंगा क्षेत्र में शिशु को जन्म दिया।
कटड़ा, संवाद सहयोगी। मंगलवार की रात अपने परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन को आई एक महिला श्रद्धालु ने वैष्णो देवी मार्ग पर बाणगंगा क्षेत्र में शिशु को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक महिला श्रद्धालु पार्वती देवी (20) पत्नी सुनील यादव निवासी गांव इस्माइलपुर, जिला भागलपुर, बिहार जब मंगलवार की रात अपने परिजनों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुई, तभी बाणगंगा क्षेत्र में उसे प्रसव पीड़ा होने लगी।
तुरंत बोर्ड कर्मी महिला को बाणगंगा डिस्पेंसरी लेकर गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में महिला ने बच्ची को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इससे पहले भी वैष्णो देवी भवन पर करीब तीन साल पहले एक महिला श्रद्धालु ने बच्चे को जन्म दिया था।
670 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
उधर, बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर कमी का सिलसिला जारी है। आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से बुधवार सुबह 670 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। जत्थे में 410 पुरुष, 213 महिलाएं और 47 साधु शामिल थे।
बालटाल रूट से 352 श्रद्धालु जबकि पहलगाम रूट से 318 श्रद्धालु यात्रा पर गए। अब तक 2.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन कर लिए हैं। यात्रा ने पिछले वर्ष 2.60 लाख का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यात्रा में कमी आने पर बालटाल व पहलगाम से कई लंगर वाले वापस जा चुके हैं।
कई पालकी व पोनी वाले भी जा चुके हैं। यात्रा 28 जून से शुरू हुई थी, जो 26 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी। ऐसे में इस वर्ष यात्रा तीन लाख का आंकड़ा पार करने की संभावना है।