Jammu Kashmir: बारिश-ओलावृष्टि के बीच शुरू हुआ साप्ताहिक आइकानिक महोत्सव
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे एनसीसी एनएसएस और विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों का उत्साह देखते बनता था।बारिश का इंतजार करने के बावजूद जब बारिश नहीं थमी तो बाजारों से रंगारंग कार्यक्रम पेश करते हुए जो झांकियां निकलनी थी।
जम्मू, जागरण संवाददाता : बारिश और ओलावृष्टि के बीच शनिवार को साप्ताहिक आइकानिक महोत्सव शुरू हुआ। विभिन्न सांस्कृतिक रंग बिखेरती लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थिति को थिरकने को विवश किया। हालांकि भार बारिश और ओलावृष्टि के चलते कला केंद्र में खुले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम तो नहीं हो सके और जो झांकी कला केंद्र से जम्मू यूनिवर्सिटी के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम तक जानी थी। तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं जा सकी लेकिन पूरे जोश के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने पहुंचे कलाकारों ने कला केंद्र के अंदर कुछ देर के लिए समा बांधा लेकिन दर्शकों की कमी जरूर खलती रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों का उत्साह देखते बनता था।कुछ देर तक बारिश का इंतजार करने के बावजूद जब बारिश नहीं थमी तो बाजारों से रंगारंग कार्यक्रम पेश करते हुए जो झांकियां निकलनी थी। उन्हें न निकलाने का निर्णय लिया गया और कलाकारों ढोल नगाडो़ के बीच गाड़ियों में बैठ कर जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम पहुंचे। यहां पर कलाकारों ने पहाड़ी, गोजरी, कुड नृत्य, भांगडा, गिद्दा, पहाड़ी, जागरण की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने को विवश किया।
कोरियोग्राफर आकाश डोगरा की प्रस्तुति हिन्दोस्तान बदल रहा है, आकर्षण का केंद्र रही। नाट्य रूट की इस प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया कि कैसे कई तरह के आक्रमणों और साजिशों के बावजूद भारत तरक्की की राह पर है। जोरावर सिंह आडिटोरियम परिसर में मोहन लाल एंड पार्टी ने लोक नाट्य जात्तर की प्रस्तुति से उपस्थिति को लोटपोट किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से कई सामाजिक बुराइयों की ओर इशारा किया तो समाज में आ रहे बदलाव भी दर्शाए गए। रवि शर्मा की प्रस्तुति जागरण को पसंद किया गया। राज कुमार एंड पार्टी ने लोक नाट्य हरण से सभी को झूमने को विवश किया। छज्जा नृत्य पर भी दर्शक झूमते नजर आए। छज्जा की प्रस्तुति धनि राम एंड पार्टी की थी।
पुंछ की वाहिदा मुगल एंड पार्टी ने पहाड़ी लोक नृत्य पेश किया।राजौरी के सदाकत अली एवं साथियों ने गोजरी लोक नृत्य से सभी को झूमने को विवश किया। हरमन डांसिंग इंस्टीट्यूट ने पंजाबी भंगडा एवं गिद्दा पेश किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, डिवीजनल कमिश्नर जम्मू राघव लंगर, निदेशक पर्यटन विभाग विवेकानंद राय आदि ने दीप प्रज्जवलित किया। मंच संचालन प्रदीप खन्ना ने किया।