बुधवार दूसरा सबसे गर्म दिन, कल तक राहत नहीं
जागरण संवाददाता, जम्मू : झुलसने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बुधवार वर्ष का दूसरा सबस
जागरण संवाददाता, जम्मू : झुलसने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बुधवार वर्ष का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। दिन का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है। इससे पहले 29 मई को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रहा था। मई के अंतिम सप्ताह में पारा लगातार 40.0 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा था। उसके बाद हल्की बारिश के बाद कुछ राहत मिली और जून का पहला सप्ताह राहत भरा रहा। मगर सोमवार से लगातार तापमान बढ़ रहा हैं। बुधवार को झुलसने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सुबह आठ बजे से लेकर देर शाम तक चली गर्म लू ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया।
जम्मू संभाग में अधिकतम तापमान 43.3 एवं न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर संभाग के सभी जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि कारगिल का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि अभी तापमान और बढे़गा। 15 जून के बाद बारिश के आसार बनते दिख रहे हैं। उसके बाद ही तापमान में हल्की कमी आएगी लेकिन आर्द्रता बढे़गी।