तापमान में होगी बढ़ोतरी, बारिश के आसार नहीं
जम्मू संभाग में गत शनिवार को तेज हवा और बारिश के बाद रविवार को तापमान में हल्की गिरावट आई। लगातार बढ़ रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू संभाग में गत शनिवार को तेज हवा और बारिश के बाद रविवार को तापमान में हल्की गिरावट आई। लगातार बढ़ रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। मीरपुर में सबसे ज्यादा तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरे सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार अभी बारिश के आसार नहीं हैं। तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। गर्मी बेहाल कर सकती है। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, लेकिन शनिवार को बारिश के बाद रविवार को यह सामान्य से नीचे 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार सुबह धूप निकलते ही गर्मी बढ़नी शुरू हो गई। दोपहर होते-होते धूप में निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर बाद तक गर्मी परेशान करती रही, लेकिन शाम को हल्की राहत मिली। अमूमन मई के दूसरे पखवाडे़ में तापमान 40.0 डिग्री के आसपास रहता है, लेकिन इस साल लॉकडाउन के चलते प्रदूषण कम होने से अभी तक मौसम राहत भरा रहा है।