विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में अगले पांच दिन सुहावना रहेगा मौसम, तापमान में गिरावट से गर्मी से मिलेगी राहत

Published: Tue, 17 Mar 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू में मौसम का मिजाज बदल गया है, अगले पांच दिनों तक सुहावना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू संभाग ...और पढ़ें

अगले पांच दिनों तक जम्मू में मौसम सुहावना रहेगा। फाइल फोटो

अगले पांच दिनों तक जम्मू में मौसम सुहावना रहेगा। फाइल फोटो

HighLights

  1. अगले पांच दिनों तक जम्मू में मौसम सुहावना रहेगा

  2. बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश की संभावना

  3. तापमान में गिरावट से गर्मी से मिलेगी राहत

जागरण संवाददाता, जम्मू। कुछ दिनों तक तपने के बाद एक बार फिर जम्मू में मौसम के मिजाज बदल गए हैं। अगले पांच दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू संभाग में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश होगी।

IMD के मुताबिक, तापमान में गिरावट आने से बढ़ती गर्मी पर लगाम लगेगी, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक जम्मू वासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, 17 से 20 मार्च तक बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी, जबकि 21 और 22 को आसमान में आंशिक बादल छाएंगे।

फिलहाल जम्मू में सोमवार का आगाज बारिश के साथ हुआ। बारिश के चलते जम्मू वासियों को गर्मी से राहत मिली। सुबह और शाम जम्मू शहर व आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की सर्दी का एहसास हुआ। पिछले कुछ दिनों से जम्मू में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार कर गया था और दोपहर के समय तेज गर्मी होना शुरू हो गई थी।

सोमवार को जम्मू में 20.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि बनिहाल में 24.9 एमएम, बटोत में 31.4 एमएम, कटड़ा में 19.6 एमएम और भद्रवाह में 19.0 एमएम बारिश हुई । वहीं उच्च पर्वतीय श्रृंखालाओं पर बर्फबारी भी हुई। इससे हवाएं ठंडी हो गईं।

एक बार फिर जम्मू शहर व आसपास के मैदानी इलाकों के रहने वालों ने हल्के गर्म कपड़े निकाल लिए। हालांकि दोपहर के समय कुछ देर के लिए तेज धूप भी खिली। शाम के समय दोबारा आसमान में बादल छाए और ठंडी हवाएं चलती रहीं।

मौसम के बदले मिजाज के चलते सोमवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले कुछ दिनों से सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह रहे तापमान में गिरावट आई। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

सोमवार को विभिन्न जिलों का मौसम

स्थान अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
जम्मू 24.0 11.5
बनिहाल 12.9 4.5
बटोत 12.5 4.4
कटड़ा 22.3 8.8
भद्रवाह 12.2 3.5
श्रीनगर 14.7 5.3
काजीगुंड 14.4 3.8
पहलगाम 9.8 0.8
कुपवाड़ा 13.2 2.8
कुकरनाग 13.8 4.0
गुलमर्ग 3.0 -2.5