Move to Jagran APP

जानलेवा हुआ मौसम, पांच की मौत, करोड़ों का नुकसान

भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पांच घंटे और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे बंद रहा। वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।

By Edited By: Published: Tue, 14 Aug 2018 02:32 AM (IST)Updated: Tue, 14 Aug 2018 08:01 AM (IST)
जानलेवा हुआ मौसम, पांच की मौत, करोड़ों का नुकसान
जानलेवा हुआ मौसम, पांच की मौत, करोड़ों का नुकसान

जम्मू, जेएनएन। मौसम जानलेवा हो गया है। रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक हुई मूसलधार बारिश से जम्मू संभाग में पांच लोगों की मौत हो गई। भारी तबाही भी हुई है। आंकलन होना बाकी है, लेकिन नुकसान करोड़ों में है। कहीं सड़कें बह गईं तो कई घर ढह गए। भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पांच घंटे और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे बंद रहा। वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। कई संपर्क मार्गो पर भारी पत्थर आ जाने से यातायात प्रभावित रहा। जगह-जगह जलभराव परेशानी का सबब बना। तवी व बसंतर सहित कई नदी नाले उफान पर रहे।

loksabha election banner

पांच लोगों की मौत

जम्मू के बस स्टैंड क्षेत्र में नाले में बाढ़ आने से संजय निवासी ऊधमपुर की बहने से मौत हो गई। वह क्षेत्र में रेहड़ी लगाता था। ऊधमपुर के शिवनगर में बलवंत सिंह के मकान में पानी घुस गया। उनकी 22 वर्षीया पुत्री ¨डपल घर के बाहर नाली से पानी निकाल रही थी कि अचानक पूरी दीवार उसपर गिर गई। काफी मशक्कत के बाद डिंपल को जिला अस्पताल ऊधमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के फजलाबाद गांव में तड़के चार बजे बारिश का पानी एक घर में घुस गया। पानी के बहाव को रोकने के लिए बुजुर्ग मुराद हुसैन व उनकी पत्नी नजमा बी पानी के बहाव को मोड़ने का प्रयास करने लगे। इतने में पेड़ का एक हिस्सा टूट कर बिजली की तार पर गिरा और तारें टूट कर दंपती के ऊपर गिरी और दोनों की करंट लगने से मौत हो गई। पुंछ की मंडी तहसील के लौरन क्षेत्र में जावेद इकबाल नदी में बह गया। जावेद को लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे।

बंद रहा हाईवे

मूसलधार बारिश से सोमवार तड़के करीब सवा छह बजे रामबन व ऊधमपुर के थर्ड में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया गया। डीएसपी ट्रैफिक अजय जम्वाल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर गिरे पत्थर हटाते समय सलीम नामक व्यक्ति के घर को भी नुकसान हुआ है। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे हाईवे को वाहनों के लिए खोला गया। उधर, जोजिला दर्रे के निकट भी बारिश के चलते भूस्खलन से श्रीनगर-लेह हाईवे दोपहर तक बंद रहा। चार घंटे तक बंद रहने के बाद यातायात फिर से बहाल कर दिया गया।

तनवर पोस्ट के पास तारबंदी बाढ़ की चपेट में

सांबा जिले में अग्रिम सीमांत क्षेत्र तनवर पोस्ट के पास सुरक्षा बांध के साथ लगाई गई सौ मीटर तारबंदी बाढ़ की चपेट में आकर बह गई है। बीएसएफ के जवान उक्त स्थान पर पूरी नजर रखे हुए हैं और अस्थायी तारबंदी लगाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अगले चार दिन तक बारिश के आसार : जम्मू संभाग में अगले चार दिनों तक बारिश रहेगी। मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक जम्मू संभाग के अधिकतर इलाकों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई है। 18 और 19 को आंशिक बादलों के साथ धूप रहने के आसार हैं। इसके साथ तापमान में गिरावट रहेगी। आ‌र्द्रता बढ़ने के चलते उमस फिलहाल जारी रहेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.