खराब मौसम से थमी शहर की रफ्तार
जागरण संवाददाता, जम्मू : खराब मौसम के चलते दिनभर शहर की रफ्तार थम सी गई। शहर में कई स्
जागरण संवाददाता, जम्मू : खराब मौसम के चलते दिनभर शहर की रफ्तार थम सी गई। शहर में कई स्थानों पर जाम लगा रहा। बारिश को देखते हुए सड़कों पर गाड़ियों की संख्या भी कुछ ज्यादा दिखी। बारिश और तेज हवा के बीच दो पहिया गाड़ियों पर चलना मुश्किल था। सुबह से दोपहर बाद तक हुई बारिश के चलते बाजारों में रौनक कुछ कम ही रही। हालांकि बुधवार को बहुत ज्यादा शादियों के चलते शाम को शहर में गहमागहमी का माहौल रहा।
सुबह से ही बारिश का माहौल बनने लगा था। इसके चलते स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर स्कूल से लौटते हुए बहुत सी बसें जाम में फंसी रहीं, जिससे बच्चे घंटों देरी से घर पहुंचे। ठंड के प्रकोप से बचने के लिए कई स्थानों पर लोगों ने अलाव जला रखे थे। बारिश के चलते बहुत से लोग घरों में दुबके रहे। मंगलवार देर रात से ही उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश शुरू हो गई थी। तेज हवा के चलते रात को तापमान में भारी गिरावट आई। सुबह पहले पहर से मौसम तो साफ दिख रहा था, लेकिन करीब आठ बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। करीब 11 बजे से बारिश तेज हो गई और दोपहर बाद तक बारिश जारी रही। दोपहर बाद बारिश तो थम गई, लेकिन बादल छाये रहे। देर शाम से फिर से बारिश के आसार बनने लगे, जिससे ठिठुरन भी बढ़ी। बुधवार को शहर में शादी समारोह भी काफी थे और खराब मौसम से इनकी तैयारियों में भी खलल पड़ा। सबसे बुरा हाल तो अखनूर रोड पर रहा जहां फ्लाईओवर निर्माण के लिए हुई खोदाई से चारों ओर कीचड़ व मिट्टी ने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी। इस कारण क्षेत्र में दोपहर को ही कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। बख्शी नगर इलाके तक इसका प्रभाव देखा गया और मेडिकल कालेज से लेकर अखनूर हाईवे तक वाहन बारिश में रेंगते नजर आए।