विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में फिर बदला मौसम का मिजाज, शुरू हुआ बारिश का दौर; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Published: Mon, 03 Aug 2026 07:00 AM (IST)

रियासी जिले में रविवार दोपहर बाद मौसम बदलने से बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और उमस ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में फिर बदला मौसम का मिजाज। फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर में फिर बदला मौसम का मिजाज। फाइल फोटो

HighLights

  1. रियासी जिले में रविवार दोपहर बाद फिर शुरू हुई बारिश।

  2. बारिश से तापमान गिरा, लोगों को उमस से मिली राहत।

  3. प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की।

जागरण संवाददाता, जम्मू। रियासी जिले में रविवार दोपहर बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर बाद कई क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी वर्षा दर्ज की गई।

बारिश शुरू होते ही बाजारों में चहल-पहल कम हो गई, जबकि दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। कुछ स्थानों पर सड़कों पर पानी बहने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण लोगों में सतर्कता बनी हुई है।

खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पहले ही लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर चुका है। प्रशासन ने नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित स्थानों की ओर अनावश्यक आवाजाही नहीं करने तथा मौसम सामान्य होने तक पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर वर्षा की संभावना जताई है।