जम्मू की खूबसूरती को चार चांद लगा रही ‘वॉल पेंटिग्स’
नगर निगम कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉनसिब्लिटी के तहत विभिन्न संस्थाओं व लोगों के सहयोग से शहर भर में ‘वॉल पेंटिग्स’ करवा रहा है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर की खूबसूरती को चार चांद लगाने के लिए जम्मू नगर निगम ने एक कदम और बढ़ाते हुए अब एमएएम कालेज मार्ग पर दीवारों पर पेंटिग्स बनाना शुरू की है। डिवीजनल कमिश्नर के निर्देशों पर यह ‘वॉल पेंटिग्स’ तैयार की जा रही हैं। विक्रम चौक से यूनिवर्सिटी तक इन्हें बनाया जाएगा। डोगरा संस्कृति से ओत-प्रोत यह पेंटिग्स हर किसी के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।
नगर निगम कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉनसिब्लिटी के तहत विभिन्न संस्थाओं व लोगों के सहयोग से शहर भर में ‘वॉल पेंटिग्स’ करवा रहा है। जम्मू शहर को आकर्षित बना रही इन चित्रकालाओं को इससे पहले विक्रम चौक फ्लाईओवर के नीचे बनाया गया। वहां भी काम जारी है। फिलहाल एमएएम कालेज रोड पर इन्हें बनाया जा रहा है। इसके बाद आर्मी की दीवारों पर ‘वॉल पेंटिग्स’ की तैयारी है। इनके लिए जल को थीम बनाने की तैयारी चल रही है।
नगर निगम की सचिव सुनैना शर्मा का कहना है कि कुछ लोगों की मदद से शहर भर में दीवारों पर ये पेंटिग्स बनाई जा रही हैं। निगम इसमें कोई पैसा खर्च नहीं कर रहा। कुछ लोग, संस्थाएं स्वयं आगे आ रही हैं। उनके साथ मिलकर हम शहर की मुख्य दीवारों को आकर्षित बना रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि संदेश देती ऐसे पेंटिग्स बनाई जाएं जो आकर्षित भी लगें। इस कार्यक्रम को जारी रखा जाएगा। यह पेंटिंग्स हर किसी को लुभा रही हैं। बहुत से लोग फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से को भी रंगने की मांग कर रहे हैं।