विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केक लगाने से लेकर मामूली विवाद तक, छोटी-छोटी बातों पर क्यों बह रहा खून? जम्मू की हालिया घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

Published: Tue, 06 Oct 2026 11:58 AM (GMT+05:30)

जम्मू में बढ़ती हिंसा और घटती सहनशीलता के कारण छोटी-छोटी बातों पर खूनी संघर्ष हो रहे हैं, जिससे दोस्ती और ...और पढ़ें

जम्मू में छोटी बातों पर खूनी टकराव, घटती सहनशीलता चिंता का विषय। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

जम्मू में छोटी बातों पर खूनी टकराव, घटती सहनशीलता चिंता का विषय। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. जन्मदिन पार्टी में केक विवाद पर दोस्त ने दोस्त को मारा।

  2. नानक नगर में महिला की हत्या, बेटा अभी भी लापता है।

  3. रामगढ़ में मामूली विवाद पर दोस्त ने दोस्त को गोली मारी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू संभाग में पिछले कुछ दिनों के दौरान सामने आई हत्या की घटनाओं ने समाज में बढ़ते तनाव और घटती सहनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटी-छोटी बातों पर विवाद इतना बढ़ रहा है कि लोग अपने दोस्तों और करीबियों पर भी जानलेवा हमला करने से पीछे नहीं हट रहे।

जानीपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद हो, नानक नगर में महिला की हत्या का मामला या फिर अब जिला साम्बा के रामगढ़ में विवाद के चलते दोस्त द्वारा दोस्त की गोली मार कर हत्या करने कि घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

केक लगाने की बात पर दोस्त ने दोस्त को मारा

18 सितंबर की रात जानीपुर इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ। बताया गया था कि एक युवक ने अपने दोस्त के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे नाराज होकर आरोपित ने तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

हालांकि, जानीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले को सुलझाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। मामूली विवाद के खूनी अंजाम ने इस घटना को कई दिनों तक चर्चा में रखा था।

नानक नगर में महिला की हत्या, बेटा अब भी लापता

इसके कुछ दिन बाद पहली अक्टूबर की रात नानक नगर इलाके में घर के अंदर महिला गुरशरण कौर की हत्या कर दी गई। महिला के चेहरे और गर्दन पर तेजधार हथियार से वार के निशान मिले थे। घटना के बाद से उनका बेटा कई दिनों से लापता है। गांधी नगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद वह डर के कारण कहीं चला गया हो सकता है। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया था कि बेटा कुछ समय से तनाव में था। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस की जांच और बेटे की बरामदगी के बाद ही घटनाक्रम की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

रामगढ़ में दोस्त ने दोस्त को मारी गोली

नानक नगर की घटना के कुछ ही दिन बाद सांबा जिले के रामगढ़ में भी विवाद को लेकर दोस्त द्वारा दोस्त की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई। इस घटना ने एक बार फिर करीबी रिश्तों में बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस के लिए चुनौती बने अनसुलझे सवाल

जानीपुर मामले को पुलिस ने तेजी से सुलझा लिया, लेकिन नानक नगर हत्याकांड में अभी कई सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं। महिला की हत्या किसने और क्यों की, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और लापता बेटे की भूमिका क्या है—इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

लोगों की सहनशीलता क्यों कम होती जा रही है?

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर समाज में लोगों की सहनशीलता क्यों कम होती जा रही है? छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा, तनाव और आवेश कब हिंसा का रूप ले लेता है, इसका अंदाजा इन घटनाओं से लगाया जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार विवाद की स्थिति में संयम बरतना और समय रहते संवाद के माध्यम से तनाव कम करना बेहद जरूरी है, ताकि मामूली विवाद किसी परिवार की जिंदगी न उजाड़ दे।