कांबली डोगरा व्यंजनों के कायल हुए, खरीददारी भी की
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर विनोद कांबली ने शनिवार को पुराने शह
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर विनोद कांबली ने शनिवार को पुराने शहर के ऐतिहासिक रघुनाथ बाजार का भ्रमण किया। वहां से खरीददारी भी की। इस दौरान बाजार से गुजर रहे सैकड़ों प्रशंसकों की भीड़ कांबली के इर्द-गिर्द जमा हो गई। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। कांबली के साथ सेल्फी लेने वालों में होड़ मच गई।
विनोद कांबली शुक्रवार को मंदिरों के शहर जम्मू पहुंचे। यहां वह एक प्राइवेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा देशभर में आयोजित की जाने वाली क्रिकेट प्रीमियर लीग के लिए होने वाले ट्रायल लेने के लिए पहुंचे हैं। कांबली शहर में अपने करीबी दोस्त रंजीत कालरा के साथ रघुनाथ बाजार गए। कुछ समय तक बाजार में टहलने के बाद उन्होंने पश्मीना शॉल और कश्मीरी फिरन खरीदने की इच्छा जताई। दोनों रघुनाथ बाजार स्थित रेडीमेड कपड़ों की मशहूर दुकान पूरी क्लाथ हाउस गए। वहां कांबली ने शॉल और फिरन की खरीददारी की।
कांबली ने इससे पहले शहर के बाहरी क्षेत्र घरोटा स्थित कंट्री क्रिकेट एकेडमी में आयोजित होने वाले ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का खेल देखा। रविवार को भी वह ट्रायल में भाग लेने वाले शेष खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखेंगे और फिर मुम्बई लौट जाएंगे। कांबली ने डोगरा व्यंजनों का भी स्वाद चखा। उन्होंने राजमाश चावल सहित अन्य व्यंजन चखकर इनकी प्रशंसा की।