वंदे भारत रेलगाड़ी का नई दिल्ली व कटड़ा के बीच जल्द होगा ट्रायल
नई दिल्ली से कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के मात्र तीन स्टॉपेज अंबाला लुधियाना और जम्मू तवी में होंगे।
जागरण संवाददाता, जम्मू : माता वैष्णो देवी के श्रद्धालु बेसब्री से वंदे भारत रेलगाड़ी के चलने का इंतजार कर रहे हैं। यह रेलगाड़ी मात्र आठ घंटे में नई दिल्ली से वैष्णो देवी की यात्रा पूरा करेगी। मौजूदा समय में इस यात्रा को पूरा करने में 12 घंटे का समय लगता है। रेलवे ने नई दिल्ली से कटड़ा तक भी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का फैसला लिया है। रेल अधिकारियों की मानें तो नई दिल्ली से कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के मात्र तीन स्टॉपेज अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी में होंगे।
अधिकारियों के मुताबिक यह रेलगाड़ी नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 2 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रास्ते में यह 8:10 बजे अंबाला, 9:22 बजे लुधियाना, 12:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 3 बजे कटड़ा से चलकर रात 9 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से कटड़ा तक सेमी हाई स्पीड रेलगाड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के ट्रायल के निर्देश भी दिए जा चुके हैं। टी-18 यानी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रायल में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से चलेगी।