यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
परिसीमन के नाम पर समाज काे बांटने का आरोप लगाते हुए यूनाइटेड पीस मूवमेंट ने किया प्रदर्शन
मूवमेंट सदस्य दीदार सिंह कुलवंत सिंह व अन्य ने कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह से भाजपा के हितों को ...और पढ़ें

जम्मू, जागरण संवाददाता : यूनाइटेड पीस मूवमेंट ने जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए शनिवार को परिसीमन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परिसीमन आयोग ने धर्म व जाति के नाम पर मतदाताओं को बांटने का प्रयास किया है जिसे किसी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मूवमेंट के सदस्यों ने सुचेतगढ़ विधानसभा सीट को खत्म किए जाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सीटें आरक्षित किए जाने का भी विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परिसीमन आयोग की पूरी रिपोर्ट भाजपा के हितों को देखते हुए तैयार की गई है और भाजपा ने अपने वोट बैंक को देखते हुए सीटों की हदबंदी कराई और कुछ सीटें आरक्षित करवाई।
प्रदर्शनी मैदान में एकत्रित हुए मूवमेंट के सदस्यों ने परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को नकारते हुए कहा कि आयोग इस रिपोर्ट को जल्द से जल्द सार्वजनिक करें ताकि आमजन इस पर आपत्तियां दर्ज करवा सके। उन्होंने कहा कि अगर आम लोगों की आपत्तियों पर गौर किए बिना रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया गया तो ऐसी रिपोर्ट जनता को स्वीकार नहीं होगी।
मूवमेंट सदस्य दीदार सिंह, कुलवंत सिंह व अन्य ने कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह से भाजपा के हितों को देखते हुए तैयार की गई। जहां-जहां भाजपा को लगता था कि विपक्षी दल मजबूत है, वहां विधानसभा सीटों की ऐसी हदबंदी की गई जिससे भाजपा को फायदा पहुंचे। उन्होंने कहा कि आयोग ने धर्म व जाति के नाम पर मतदाताओं को बांटा ताकि भाजपा को फायदा मिल सके और इसी आधार पर सीटों को आरक्षित व गैर आरक्षित भी रखा गया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद एडवोकेट शेख अब्दुल रहमान, देशबंदू, आरसी मखनोत्रा, विरेंद्र सिंह, अमरीक सिंह, राम सिंह चौहान, नरेंद्र खजूरिया, पंच काली दास, नरेंद्र सिंह खालसा, आइडी खजूरिया व बलकार सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।
