लेह में मोदी सरकार के कामों की तारीफ कर रेड्डी ने मांगा जनसमर्थन
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी लेह में हैं। रविवार को लेह के पनामिक में चुनाव जनसभा में उन्होंने भरोसा दिया कि भाजपा के नेतृत्व में लद्दाख में विकास की मुहिम जारी रहेगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : लेह स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (लेह हिल काउंसिल) के चुनाव में जीत के लिए प्रचार चरम पर है। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। दोनों ही पार्टियों के नेता जीत के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। भाजपा के लिए ये चुनाव जीतना प्रतिष्ठा का सवाल है। इसलिए उसने एक के बाद एक केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। ये केंद्रीय मंत्री मोदी सरकार के कामों की तारीफ कर प्रदेश भाजपा के लिए लेह काउंसिल के चुनाव में जनता का साथ मांग रहे हैं।
वर्तमान में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी लेह में हैं। रविवार को लेह के पनामिक में चुनाव जनसभा में उन्होंने भरोसा दिया कि भाजपा के नेतृत्व में लद्दाख में विकास की मुहिम जारी रहेगी। जनता की उम्मीदों को भाजपा ही पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लद्दाख का कायाकल्प करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। अटल टनल से लेह और मनाली के बीच बेहतर संपर्क स्थापित हुआ है। इसके अलावा और भी विकास के बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने पर काम किया जा रहा है। रेड्डी लेह में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के बाद सोमवार को दिल्ली लौटेंगे। वह तीन दिवसीय दौरे पर लेह आए हैं। अभी तक उन्होंने दिसकित, हुंडर इलाकों में चुनावी सभाएं की हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी की हैं। शनिवार रात को वह हुंदर में ठहरे थे।
लेह हिल काउंसिल चुनाव के लिए मतदान 22 अक्टूबर को है। चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी है। इन सभी पार्टियों के नेता प्रचार में जुटे हैं। भाजपा ने चार केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी आ चुके हैं। हालांकि, कांग्रेस ने दिल्ली का कोई नेता प्रचार में नहीं उतारा है।
---
मतदान के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा प्रशासन
लेह काउंसिल के चुनाव प्रचार में तेजी के बीच लेह प्रशासने भी तैयारियों का अंतिम रूप दे रहा है। प्रशासन ने पोलिग स्टाफ को चुनाव से पहले वोट डालने के लिए इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट जारी कर दिए हैं। ये अधिकारी व कर्मचारी 19 अक्टूबर को लेह के तिसूरू के एसएसके हॉल में वोट डालेंगे। लेह हिल काउंसिल की 26 सीटों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को है। लेह के जिला उपायुक्त एवं हिल काउंसिल चुनाव के प्रभारी सचिन कुमार सोमवार को बैठक कर चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे। पोलिग स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। ये पर्यवेक्षक चुनाव प्रचार पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों को प्रचार करते समय कोरोना वायरस के रोकथाम संबंधी हिदायतों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।