जम्मू के हालात से अमित शाह की रैली पर असमंजस, तैयारियां पूरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 3 फरवरी के राज्य दौरे के बाद अमित शाह का दौरा प्रदेश भाजपा के लिए बड़े मायने रखता है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के काफिले पर आत्मघाती हमले के बाद जम्मू के बिगड़े हालात से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दो दिवसीय जम्मू दौरे पर असमंजस के बादल मंडरा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में संसदीय चुनाव का बिगुल फूंकने के लिए शाह की 24 फरवरी की जम्मू रैली में महज चार दिन का समय बचा है। अभी तक जम्मू के हालात सामान्य नही हुए हैं व कर्फ्यू लगातार जारी है। ऐसे में अमित शाह की जम्मू रैली होगी कि नही, यह स्पष्ट नही हो पा रहा है। प्रदेश भाजपा की मानें ताे रैली तय है लेकिन तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठकों का सिलसिला रूक गया है। रैली जम्मू शहर के भगवती नगर मैदान में होनी है व इसमें 60 हजार के करीब कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं दूसरी ओर जम्मू के सुरक्षा हालात को लेकर भाजपा हाईकमान, प्रदेश इकाई से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। मंगलवार को भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने जम्मू के मौजूदा हालात के बारे में अमित शाह के कार्यालय को जानकारी दी। रैली को लेकर हाईकमान की ओर से कोई नए निर्देश नही आए हैं, ऐसे में प्रदेश भाजपा रैली को लेकर अपनी ओर से तैयार है। जम्मू के बिगड़े हालात में 17 फरवरी की कांग्रेस की रैली भी टल चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 3 फरवरी के राज्य दौरे के बाद अमित शाह का दौरा प्रदेश भाजपा के लिए बड़े मायने रखता है। पीएम दौरा यहां पूरी तरह से विकास पर केंद्रित था तो शाह जम्मू में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बूथ स्तर पर काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी निर्देेश देने के लिए आ रहे हैं। चुनावी रणनीति के तहत भाजपा केंद्र सरकार के तेज विकास के मुद्दे को लेकर बूथ स्तर पर लोगों का समर्थन जुटाने की मुहिम तेज करेगी। इस मुहिम को कामयाब बनाने का जिम्मा पन्ना प्रमुख, बूथ स्तर पर काम कर रहे नवरत्नों, अल्प विस्तारकों व विस्तारकों का हैं। शाह के सम्मेलन में यही कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। इस रैली के साथ शाह प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक भी करने वाले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना का कहना है कि शाह की 24 फरवरी की रैली अब पहले से भी अधिक महत्वूपर्ण हो गई है। चुनावी तैयारियों को तेजी देने के साथ वह जम्मू कश्मीर में देश की सेवा की सेवा करते शहीद हुए केरिपुब व सेना के शहीदों को श्रद्धांजलि भी देंगे। उन्होंने बताया कि हमारी ओर से रैली के लिए पूरी तैयारी है। पार्टी नेताओं, कायकर्ताओं को 24 फरवरी की रैली को कामयाब बनाने के लिए जिम्मेवारियां दी गई हैं। इस रैली में करीब साठ हजार कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह रैली जम्मू शहर के भगवती नगर मैदान में होगी।