कश्मीर में दो युवकों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, एक जम्मू तो दूसरा पंजाब का था रहने वाला
इसी दौरान दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर काजीगुंड के पास निपोरा पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर स्थानीय लोगों ने आज सुबह एक सिख युवक का शव पेड़ स लटका देखा।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शनिवार को एक जम्मू निवासी का शव रहस्यमय परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। इसी दौरान पंजाब से आया एक ट्रक क्लीनर भी अपने ट्रक में मृत पाया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं के संदर्भ में अलग-अलग मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आज सुबह शहीदगंज इलाके में भारतीय खाद्य निगम के भंडारगृह के पास एक ट्रक क्लीनर अपने ट्रक में अचेत मिला। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे उसी समय निकटवर्ती एसएमएचएस अस्पताल में पहुंचाया। डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान तरसेम लाल के रुप में हुई है। वह पंजाब से दो दिन पहले ही चावल लेकर कश्मीर पहुंचा था।
इसी दौरान दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर काजीगुंड के पास निपोरा पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर स्थानीय लोगों ने आज सुबह एक सिख युवक का शव पेड़ स लटका देखा। उन्होंने उसी समय पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव काे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, दिवंगत की पहचान रवींद्र सिंह पुत्र देवा सिंह के रुप में हुई है। वह जम्मू के निकट जिगर सिंबली परयाल का रहने वाला था। फिलहाल, उसकी मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा रहा है।