Udhampur road accident: राेन दोमेल में अज्ञात वाहन ने दंपति को कुचला, मौत
यह सड़क दुर्घटना दोपहर दो बजे के करीब हुई। मृतक दंपति की पहचान रवि और सुनीता दोनों निवासी सगलान सरुइसर मानसर के रूप में हुई है।
ऊधमपुर, जेएनएन। जिला ऊधमपुर के रोन दोमेल इलाके में हाइवे पर मोटर साइकिल पर जा रहे दंपति को एक अज्ञात वाहन ने पीछे टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। माटर साइकिल को टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक भी मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगाें ने इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेते हुए जिला अस्पताल ऊधमपुर शव गृह में रखवा दिया है। वहीं टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की भी तलाश की जा रही है।
यह सड़क दुर्घटना दोपहर दो बजे के करीब हुई। मृतक दंपति की पहचान रवि और सुनीता दोनों निवासी सगलान सरुइसर मानसर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि ये दोनों मोटर साइकिल नंबर जेके21-8802 पर जा रहे थे। उनके मोटर साइकिल को पीछे से किसी बड़े वाहन ने ही टक्कर मारी है क्योंकि उनकी गाड़ी पूरी तरह से टूट गई है और दंपति भी वाहन के नीचे आने से कुचले गए हैं। मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी गई है।
वहीं पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रवि और उसकी पत्नी सुनीता सुबह रोन दोमेल में देव स्थान पर माथा टैकने के लिए गए थे। दोपहर को जब वह देवस्थान से वापिस लाैट रहे तो हाइवे पर किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने पुलिस से मांग की कि वह वाहन चालक को तुरंत गिरफ्तार करें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप