विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:00 PM (IST)

उत्तरी कश्मीर के बारामूला में पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए आतंकी व अलगाववादी तत्वों को वित्तीय मदद पहुंचाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

बारामूला में आतंकी, अलगाववादियों को वित्तीय मदद पहुंचाने वाले दो गिरफ्तार।

बारामूला में आतंकी, अलगाववादियों को वित्तीय मदद पहुंचाने वाले दो गिरफ्तार।

HighLights

  1. बारामूला में आतंकी फंडिंग के आरोप में दो गिरफ्तार

  2. म्यूल खातों के जरिए वित्तीय मदद जुटाने का आरोप

  3. मोहसिन गनई और साहिल इरशान की हुई पहचान

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामूला में पुलिस ने गुरुवार को म्यूल खातों के जरिए आतंकी व अलगाववादी तत्वों के लिए वित्तीय मदद जुटाने के आरोप में दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार किया।

इनकी पहचान मोहसिन अशरफ गनई निवासी गुलशनाबाद बारामूला और साहिल इरशान निवासी खानपोरा, बारामूला के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ करने के साथ उनके मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल उपकरणों का डेटा खंगाला जा रहा है।

बता दें कि म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते, पेमेंट वालेट या यूपीआई आईडी होते हैं जिनका उपयोग साइबर अपराधी अवैध रूप से ठगी, मनी लान्ड्रिंग (काला धन छिपाना) या वित्तीय धोखाधड़ी का पैसा ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बीते दिनों एक सूचना मिली थी कि बारामूला और उसके आसपास कुछ लोग आतंकियों और अलगाववादियों के लिए देश-विदेश से धन जुटाने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके आधार मामला दर्ज किया गया और साइबर विंग को भी जांच में शामिल किया गया। कुछ संदिग्ध तत्वों को चिह्नित करते हुए उनकी विभिन्न गतिविधियों की निगरानी की गई।

इस दौरान मोहसिन अशरफ गनई और साहिल इरशान पकड़ में आए। उनके खिलाफ सभी आवश्यक सुबूत जमा किए गए और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने दावा किया है कि दोनों ने म्यूल खातों के संचालन में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है।

जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि उनके साथ इस नेटवर्क में और कौन कौन लोग शामिल है, उन्होंने कितनी धनराशि अलग अलग खातों के जरिए मंगवाई और किन लोगों को आगे पहुंचाई है।