विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू के रामबन में आधे घंटे के भीतर दो सड़क हादसे, श्रीनगर हाईवे पर बेकाबू होकर पहाड़ी से टकराई बस; 56 लोग घायल

Published: Sat, 03 Oct 2026 12:54 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर आधे घंटे में हुए दो सड़क हादसों में पश्चिम बंगाल की ...और पढ़ें

रामबन में हाईवे पर हुआ हादसा (सोशल मीडिया)

रामबन में हाईवे पर हुआ हादसा (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. रामबन में पर्यटक बस दुर्घटना, एक महिला की मौत, 47 घायल।

  2. सीआरपीएफ वाहन पलटा, नौ सुरक्षाकर्मी भी हुए घायल।

  3. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख जताया, इलाज का आश्वासन।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर आधे घंटे के अंदर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पश्चिम बंगाल के एक पर्यटक की मौत हो गई और नौ सुरक्षाकर्मियों समेत 56 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि इन हादसों में पर्यटकों को ले जा रही एक यात्री बस और बचाव अभियान में मदद के लिए जा रही सुरक्षा बलों की एक गाड़ी शामिल थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया है और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।

एक महिला की मौत और 47 घायल

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर से जम्मू जा रही पश्चिम बंगाल नंबर की एक यात्री बस सुबह 8.50 बजे हाईवे पर मारूग के पास ड्राइवर का नियंत्रण खोने के कारण पहाड़ी से टकरा गई, जिससे एक महिला यात्री की मौत हो गई और 47 अन्य घायल हो गए।

मृतक महिला की पहचान पश्चिम बंगाल की रहने वाली जमुना के तौर पर हुई है। यह ग्रुप कश्मीर में छुट्टियां बिताकर लौट रहा था। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से चार सुचित्रा, लक्षवंती, केदार पात्रा और फौजी राम को इलाज के लिए जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि बाकी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें अगले कुछ घंटों में छुट्टी दे दी जाएगी।

सीआरपीएफ जवान घायल

वहीं, दूसरी ओर सीआरपीएफ जवानों की एक गाड़ी केला मोड़ के पास पलट गई। इस हादसे में छह पुलिसकर्मी और तीन सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर बचाव अभियान में मदद के लिए रामबन की जिला पुलिस लाइन्स से पुलिस और CRPF की एक क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को भेजा गया। 

उपराज्यपाल ने गंभीर रूप से घायल लोगों को हर संभव इलाज मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "रामबन में बस के दुखद हादसे से बहुत दुख हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैंने रामबन के डिप्टी कमिश्नर से बात की है ताकि गंभीर रूप से घायल लोगों को, जिन्हें GMC जम्मू भेजा गया है, हर संभव इलाज मिल सके। उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं।"

(समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ)