जम्मू : गणतंत्र दिवस पर शहर के हर चौक-चौराहे पर शान से लहराया तिरंगा
भाजपा की ओर से त्रिकुटानगर स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना ने पूर्व उप-मुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता व अन्य नेताओं के साथ तिरंगा झंडा फहराया।भाजपा के कच्ची छावनी स्थित कार्यालय में पूर्व मंत्री सत शर्मा ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर तिरंगा झंडा फहराया।
जम्मू, जागरण संवाददाता : देश के 73वें गणतंत्र दिवस पर बुधवार को शहर के हर चौक-चौराहे पर तिरंगा झंडा शान से फहराया गया। शहर भर के चौक-चौराहों, गली-मुहल्लों में देशभक्ति से ओतप्रोत गीत-संगीत के बीच लोगों ने तिरंगा झंडा फहराकर देश के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर जवानों को सलामी दी। गणतंत्र दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर शहर के कई क्षेत्रों में व्यापारिक संगठनों की ओर से ध्वजारोहण के बाद हलवे-पूरी के स्टॉल लगाकर लोगों में प्रसाद भी वितरित किया गया।
जम्मू के मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने शहर के ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर चौक में क्षेत्रीय व्यापारियों के साथ तिरंगा लहराया। इसके अलावा मेयर ने अपने निवास क्षेत्र में शहीद मेजर आकाश सिंह पार्क में तिरंगा झंडा लहराने के अलावा शहर के एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में लोगों के साथ गणतंत्र दिवस मनाते हुए तिरंगा झंडा फहराया।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना ने पूर्व उप-मुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता व अन्य नेताओं के साथ तिरंगा झंडा फहराया। भाजपा के कच्ची छावनी स्थित कार्यालय में पूर्व मंत्री सत शर्मा ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर तिरंगा झंडा फहराया। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के रेलहैड काम्पलेक्स स्थित चैंबर हाउस में प्रधान अरूण गुप्ता ने अन्य पदाधिकारियों व शहर के मुख्य व्यापारियों के साथ मिलकर तिरंगा झंडा फहराया।
जम्मू की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट में फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने मंडी के व्यापारियों के साथ मिलकर तिरंगा झंडा फहराया। इसके अलावा जम्मू नगरनिगम के सभी 75 वार्डों में क्षेत्रीय कारपोरेटरों ने अपने-अपने वार्ड के लोगों के साथ मिलकर तिरंगा झंडा फहराते हुए गणतंत्र दिवस की खुशियां साझा की।