जिंदगी दांव पर, सिस्टम बेपरवाह... जम्मू के ट्रांसपोर्ट नगर में गड्ढों वाली सड़क बनी मुसीबत, खुले मैनहोल से रोज खतरा
जम्मू के ट्रांसपोर्ट नगर में सड़कें बदहाल और खुले मैनहोल जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों ...और पढ़ें

ट्रांसपोर्ट नगर में खुले पड़े मैनहोल में फंसी कार।
HighLights
जम्मू ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कें और मैनहोल जानलेवा बने।
खुले मैनहोल से वाहन चालक और राहगीर हो रहे घायल।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत मरम्मत की मांग की।
जागरण संवाददाता, जम्मू। विकास के बड़े-बड़े दावों और कागजी योजनाओं के बीच जम्मू शहर का ट्रांसपोर्ट नगर इस समय प्रशासनिक लापरवाही की दर्दनाक दास्तान बयां कर रहा है। यहां का सबसे व्यस्त इलाका इस समय राहगीरों और वाहन चालकों के लिए किसी डेथ ट्रैप से कम नहीं है। सालों से जारी अनदेखी के कारण यहां के हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि मुख्य मार्ग से ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर प्रवेश करते ही हिचकोलों और गहरे गड्ढों से जनता का स्वागत होता है।
सबसे खतरनाक स्थिति यहां के खुले पड़े मैनहोल की है, जो आए दिन भीषण हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की जिंदगी को दांव पर लगाकर लोक निर्माण विभाग पूरी तरह से कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
हर कदम पर खतरा
रोजाना हजारों की संख्या में भारी और छोटे वाहनों की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में सड़कों की हालत खस्ताहाल है। हाल ही में एक कार का पहिया खुले मैनहोल में धंस गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा। स्थानीय लोगों को खुद आगे आकर ऐसे फंसे हुए वाहनों को निकालना पड़ता है।
रात के अंधेरे में तो यह इलाका और भी जानलेवा हो जाता है, क्योंकि यहां न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही इन खुले मैनहोल के आसपास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।
क्या कहते हैं लोग
छन्नी निवासी सईद आजम ने कहा, 'हम हर महीने टैक्स देते हैं, लेकिन बदले में हमें क्या मिल रहा है? मौत के कुएं जैसी सड़कें। ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर घुसते ही ऐसा लगता है जैसे हम किसी आदिम युग में आ गए हों। आए दिन यहां गाड़ियां फंसती हैं, लोग चोटिल होते हैं, लेकिन प्रशासन को इससे कोई सरोकार नहीं है। क्या विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?'
ड्राइवर रशपाल सिंह ने कहा, 'यहां गाड़ी चलाना सर्कस में मौत का कुआं पार करने जैसा है। मुख्य मार्ग से अंदर आते ही बड़े-बड़े गड्ढे और ये खुले मैनहोल गाड़ियों को तो नुकसान पहुंचा ही रहे हैं, हमारी जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।' कई बार तो दोपहिया वाहन चालक इन खुले मैनहोल के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। लोक निर्माण विभाग को तुरंत इस पर सुध लेनी चाहिए।
कुंजवानी निवासी नीरज कुमार ने कहा, 'प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मूकदर्शक बना हुआ है। हमने कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले।' इस उपेक्षा के कारण ट्रांसपोर्ट नगर का पूरा कारोबार और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अगर जल्द ही इन मैनहोल को बंद नहीं किया गया और सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो हमें सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
जम्मू पीडब्ल्यूडी एसई सलीम-उल-सबा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की इस समस्या और सड़कों की बदहाली का मामला हमारे संज्ञान में है। खुले मैनहोल और जर्जर सड़कों के कारण लोगों को हो रही परेशानियों के लिए हम गंभीर हैं। विभाग जल्द ही इस क्षेत्र का निरीक्षण कराएगा। खुले मैनहोल को ढकने और गड्ढों को भरने का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
