जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध वस्तु देखे जाने पर वाहनों को रोका, जांच शुरू Srinagar News
इसी मार्ग से सुबह अमरनाथ श्रद्धालुओं का जत्था भी निकलना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने सुरक्षाबलों को भी सूचित कर दिया।
श्रीनगर, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बद्रगुंड-काजीगुंड के बीच हाइवे पर कोई संदिग्ध वस्तु देखे जाने के बाद सेना ने यातायात अवरूद्ध कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस व सेना ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और संदिग्ध वस्तु की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते व डाग स्कवाड को भी बुला लिया गया है। हाइवे पर किस तरह की वस्तु पाई गई है अभी तक इस बारे में सुरक्षाकर्मियों ने कोई जानकारी नहीं दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10.15 बजे स्थानीय लोगों से यह सूचना मिली कि बद्रगुंड-काजीगुंड हाइवे पर संदिग्ध वस्तु रखी हुई है। इसी मार्ग से सुबह अमरनाथ श्रद्धालुओं का जत्था भी निकलना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने सुरक्षाबलों को भी सूचित कर दिया। कुछ ही समय में सुरक्षाबलों व पुलिस ने हाइवे पर वाहनों की आवाजाही रोक क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। मौके पर बम निरोधक दस्ता पहुंच गया है और उन्होंने संदिग्ध वस्तु की जांच शुरू कर दी है।
यही नहीं सुरक्षाबलों ने डॉग स्कवाड की मदद से आसपास के इलाकों में भी सर्च आपरेशन चलाया हुआ है। विस्तृत जानकारी प्रतीक्षारत है।