विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में वाहन चालक सावधान! शीशों पर स्टिकर और पर्दे लगाए तो कटेगा चालान, दोबारा पकड़े जाने पर वाहन जब्त

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:41 PM (GMT+05:30)

ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने यात्री वाहनों के शीशों पर स्टिकर, पर्दे या काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान ...और पढ़ें

जम्मू में यात्री वाहनों के शीशों पर स्टिकर-पर्दे लगाने पर सख्त कार्रवाई। (फाइल फोटो)

जम्मू में यात्री वाहनों के शीशों पर स्टिकर-पर्दे लगाने पर सख्त कार्रवाई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यात्री वाहनों के शीशों पर स्टिकर, पर्दे, काली फिल्म पर कार्रवाई।

  2. दृश्यता प्रभावित होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है।

  3. सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना मुख्य उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, जम्मू। यात्री वाहनों के शीशों पर स्टिकर, पर्दे, काली फिल्म या दृश्यता कम करने वाली अन्य सामग्री लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीमें सड़कों पर वाहनों की जांच कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि शीशों पर ऐसी कोई भी सामग्री न लगाएं, जिससे चालक को आगे या आसपास का दृश्य साफ दिखाई न दे। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन चलाते समय चालक के लिए सड़क और आसपास की स्थिति स्पष्ट दिखाई देना बेहद जरूरी है।

कई बार वाहन के सामने या साइड के शीशों पर स्टिकर लगाने अथवा अंदर पर्दे लगाने से चालक की दृश्यता प्रभावित होती है। इससे सड़क पर दूसरे वाहनों, पैदल यात्रियों और अन्य बाधाओं को समय रहते देख पाना मुश्किल हो सकता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

ट्रैफिक पुलिस ने चालक को समझाया नियम

अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने एक यात्री वाहन को रोककर उसके शीशों की जांच की। वाहन के शीशों पर लगे स्टिकर और अंदर लगाए गए पर्दों को लेकर चालक को समझाया गया कि इससे उसकी विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है। पुलिस ने चालक को अनधिकृत स्टिकर और पर्दे हटाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार वाहनों के शीशों पर काली फिल्म, पर्दे या दृश्यता कम करने वाली किसी भी सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इसी के तहत यातायात पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

पहले चालान, दोबारा गलती पर जब्ती

डीएसपी ट्रैफिक पुलिस जम्मू सिटी साउथ सुनैया वाली के अनुसार, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का पहले चालान किया जाएगा। यदि वही वाहन चालक दोबारा इसी तरह का उल्लंघन करते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यात्री वाहनों में पर्दे लगाकर अंदर का हिस्सा छिपाने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी पैदा होती हैं।

विशेष रूप से महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ या अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए यात्री वाहनों में पारदर्शिता और निगरानी जरूरी है। इसलिए अभियान का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन करवाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।