मां ने बेटे पर लगाया धमकाने का आरोप
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के शहीदी चौक इलाके में रहने वाली महिला बुजुर्ग महिला ने अपने
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के शहीदी चौक इलाके में रहने वाली महिला बुजुर्ग महिला ने अपने सगे बेटे पर जबरन उसके घर में घुस कर धमकाने का आरोप लगाया। महिला की शिकायत पर पीर मिट्ठा थाने में आरोपी बेटे के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया। शिकायतकर्ता महिला का एक बेटा राज्य पुलिस में तैनात आइजीपी के पद पर तैनात बताया जा रहा है। करीब दो माह पूर्व ही महिला के पति का देहांत हुआ था।
थाने में दर्ज शिकायत में जाहिदा सलारिया निवासी शहीदी चौक ने आरोप लगाया कि वह अपने पुश्तैनी घर में रहती है जबकि उनका बेटा उस्मान सलारिया उनके अलग एक घर में रहता है। शनिवार को उस्मान जबरन उनके घर में घुस आया और उनके साथ गाली-गलौच करने लगा। हालांकि महिला तथा स्थानीय लोगों ने उस्मान को ऐसा न करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना और अपने मां से बदसलूकी करता रहा। इसके बाद महिला ने पुलिस को फोन कर घटना के बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने महिला के बयान को दर्ज कर लिया और उसके आरोपी बेटे के विरुद्ध जबरन घर में घुसने तथा धमकाने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद से आरोपी बेटा फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। घर में संपत्ति विवाद को लेकर मां बेटे में रंजिश चल रही है।