विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लेह में तीन दिवसीय लद्दाख महोत्सव आज से, समृद्ध संस्कृति और साहसिक खेलों का दिखेगा संगम; LG करेंगे उद्घाटन

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:53 AM (IST)

लेह में तीन दिवसीय लद्दाख महोत्सव शनिवार से शुरू हो रहा है, जिसका उद्देश्य देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर ...और पढ़ें

लद्दाख के LG विनय कुमार सक्सेना। फाइल फोटो

लद्दाख के LG विनय कुमार सक्सेना। फाइल फोटो

HighLights

  1. पर्यटकों को लद्दाख की समृद्ध संस्कृति और जीवनशैली का अनुभव।

  2. साहसिक खेलों, पारंपरिक तीरंदाजी व पोलो प्रतियोगिताओं में भागीदारी।

  3. रात में तारों को देखने और स्थानीय कलाकारों का प्रदर्शन।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। देश, विदेश के पर्यटकों को लद्दाख लाकर पर्यटन को बढ़ावा देने के अभियान के तहत तीन दिवसीय लद्दाख महोत्सव शनिवार को लेह में शुरू हो जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव में पर्यटकों को लद्दाख की स्मृद्ध संस्कृति को करीब से देखने के साथ साहसिक खेलों में हिस्सा लेने का अवसर भी मिलेगा।

लद्दाख महोत्सव के लिए लेह के पोलो ग्राउंड, मुख्य बाजार व अन्य मुख्य स्थलों को सजाया गया है। लद्दाख प्रशासन ने प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों के टूर आपरेटरों के सहयोग से पर्यटकों को इस महोत्सव में लाने के प्रबंध किए हैं।

शनिवार सुबह दस बजे लद्दाख पर फोटो प्रदर्शनी के साथ लेह में शुरू होने वाले महोत्सव औपचारिक उद्घाटन उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना शाम सात बजे करेंगे। इस दौरान होने वाले सांस्कृ़तिक कार्यक्रमों में लद्दाख के स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक संगीत, लोक नृत्य पेश किए जाएंगे। इसके साथ कार्यक्रम के पहले दिन शिलांग चैंबर कायर द्वारा भी पोलो ग्राउंड में रंगारंग कार्यक्रम पेश किया जाएगा।

लद्दाख महोत्सव के दौरान पर्यटकों को लेह की काली घनी राताें में टेलीस्कोप से तारों को देखने के अवसर भी मिलेंगे। इसके साथ रविवार काे लद्दाखी फिल्मकार स्टैंजिन दोरजे ग्या द्वारा निर्देशित नोमैड्स अंडर द स्टार्स की लाइव स्क्रीनिंग भी की जाएगी। यह फिल्म चांगपा समुदाय की अंतरंग तस्वीर पेश करती है।

चांगपा समुदाय पूर्वी लद्दाख के चांगथांग में पश्मीना बकरियों को पालकर पशमीना तैयार करते है। यह समुदाय जलवायु परिवर्तन, बदलती आजीविकाओं व पीढ़ीगत बदलावों के बीच अपनी राह तलाश रहा है। समुदाय ने अपने पूर्वजों की पारंपरिक बुद्धिमत्ता व ज्ञान को मजबूती से संजो रखा है।

इसी बीच महोत्सव के दौरान पर्यटकों को लद्दाख के पारंपरिक खेलों, आर्चरी, पोलो प्रतियोगिताओं को देखने के साथ साहसिक खेलों में हिस्सा लेने का अवसर भी मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पर्यटकों के लिए संगम में रिवर राफ्टिंग के लिए भी प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ महोत्सव में लद्दाख के कई दूरदराज गांवों के कलाकारों द्वारा लोक गीत व लोक नृत्य भी पेश किए जाएंगे।

लद्दाख महोत्सव से पहले पर्यटन विभाग ने कारगिल क्षेत्र के नए जिले जंस्कार में भी इस माह पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया था। प्रशासन ऐसे महोत्सवों के माध्यम से लद्दाख की विशिष्ट संस्कृति, पहचान को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने के प्रयास कर रहा है।

इनसे दूरदराज इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिल रहा है। अब लेह में लद्दाख महोत्सव में पर्यटकों को लद्दाखी लोगों के रहन सहन, खान पान के साथ स्थानीय कलाकारों की कला व दस्ताकारों के हुनर को देखने का मौका मिलेगा।