Positive India:भूख से लड़ने के लिए पुलिस थाने को बना दिया रसोई घर, डंडा छोड़ हाथ में पकड़ी कड़छी
दैनिक जागरण की मुहिम अपनी गली अपने जिम्मे का हिस्सा बनते हुए विभिन्न मुहल्लों में ऐसे लोग काम में जुटे हुए हैं जो तन्मयता से काम कर रहे हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता। अक्सर हाथ में डंडा और बंदूक लेकर ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मियों की दिनचर्या इन दिनों बदली हुई है। कानाचक्क थाना इन दिनों जरूरतमंदों को भोजन देने के लिए रसोई में तब्दील हो चुका है। थाना परिसर में पुलिस कर्मी पूड़ी और सब्जी बनाते हुए देखे जा रहे हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन बनाने के बाद पुलिस कर्मी इसे उन तक पहुंचाने भी जाते हैं। सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर कौशिन कौल ने बताया कि भोजन बनाने के लिए वहां साफ-सफाई के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
खाने को बनाने के बाद इस पैक किया जा रहा है। पुलिस कर्मी अपने वाहनों में भोजन लेकर कानाचक्क के गुड्डा सिंगू, बाबा तालाब, लल्याल कैंप में जाकर वहां रहने वाले जरूरतमंदों में खाने-पीने की सामग्री बांटते हैं। इससे पूर्व पुलिस ने दोमाना व कानाचक्क के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे दिहाड़ीदारों और जरूरतमंद लोगों को खाद्य आपूर्ति वितरित की थी। जब तक लॉकडाउन जारी रहेगा, पुलिस इसी तरह लोगों के घर पर जा कर राशन पहुंचाया जाएगा। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान लोगों को अपने घरों के भीतर ही रहने को कहा।
शहर की गलियों में लड़ी जा रही भूख और संक्रमण के खिलाफ जंग
लॉकडाउन के बीच किसी को भी भूखा नहीं सोने देंगे। एकजुट होकर गली, मुहल्ले में जिन लोगों के पास राशन और भोजन नहीं है, उनको यह उपलब्ध करवाएंगे। दैनिक जागरण की मुहिम अपनी गली, अपने जिम्मे का हिस्सा बनते हुए विभिन्न मुहल्लों में ऐसे लोग काम में जुटे हुए हैं, जो तन्मयता से काम कर रहे हैं। इस समय पूरे शहर में कोरोना के खिलाफ जो जंग लड़ी जा रही है, उसमें अस्पताल में डॉक्टर, तो बाकी शहर में स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और सफाई कर्मी कोरोना योद्धा बन कर इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। इसमें लॉकडाउन के बीच जरूरतमंदों को भोजन-राशन पहुंचाने वाले योद्धा भी हैं, जो हर दिन लोगों की भूख मिटाते हैं।
इसी कड़ी में जम्मू नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने मॉडल टाउन में जरुरतमंदों को राशन दिया, ताकि लोग घरों में रहें और लॉकडाउन का पालन करते हुए भूखे न सोएं। उन्होंने शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए पुलिस की मौजूदगी में लोगों को राशन दिया। उन्होंने अन्य लोगों से भी कहा कि जो लोग आर्थिक रूप से संपन्न हैं, वे भी गरीबों की मदद के लिए आगे आएं। उनसे जो भी बन पड़े, वह गरीब व बेसहारा लोगों के लिए करें जो इस लॉकडाउन के दौरान रोटी से भी मोहताज हो रहे हैं। लोगों को इस समय घबराने की जरूरत नहीं है, बस थोड़ा धैर्य रखते हुए कोरोना की चेन को तोड़ना है, ताकि जो लोग कोरोना से प्रभावित हैं, उनसे आगे यह बीमारी न फैले। इसके लिए हमारा घरों में रहना ही बेहतर हैं। इस मौके पर भाजपा नेता ज्योति प्रकाश शर्मा, हरपाल सिंह बाली, सुमन, गुरदीप सिंह, हरपाल सिंह, कुसुम लता भी मौजूद थी।
कोरोना से जंग लड़ने वाले सिपाहियों का किया सम्मान
कोरोना महामारी में आम लोगों की सेवा में जुटे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए भाजपा के अतिरिक्त प्रचार सचिव एवं पूर्व जिला प्रधान अयोध्या गुप्ता ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने तालाब तिल्लो में तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को भेंट देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। गुप्ता ने कहा कि डाक्टरों के साथ ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी पूरी मुस्तैदी के साथ कोरोना की इस लड़ाई में मैदान संभाले हुए हैं। हम सभी को सुरक्षित करने के लिए वे अपने कार्यों को बखूबी निभा रहे हैं। हर किसी को ऐसे कोरोना के योद्धाओं का सम्मान करते हुए उनका आभार जताना चाहिए। भाजपा उपप्रधान अनुराधा चाढ़क ने बाहुफोर्ट में पुलिसकर्मी को सम्मानित किया।
मास्क वितरित किया: डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने शहर के वार्ड नंबर एक में जरूरतमंदों में मास्क बांटे तथा लोगों को घरों में ही रहकर लॉकडाउन का पालन करने के निर्देश दिए। यह मास्क घर में बनाए गए हैं। भाजपा राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा के निर्देशों पर भाजपा कार्यकर्ता घरों में ऐसे मास्क बना रहे हैं। पूर्णिमा ने कहा कि इन मास्क को दोबारा धोकर इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने सभी से लॉकडाउन का पालन करने को कहा।
लॉकडाउन के चलते दिक्कतें जरूर हुई हैं लेकिन हम काफी हद तक सुरक्षित भी हो पाए हैं। हमें इसका पालन करते हुए ऐसे लोगों की सेवा करनी है जो दो समय का खाना भी नहीं जुटा पा रहे। दैनिक जागरण का यह अभियान इसकी प्रेरणा है। - युद्धवीर सेठी, भाजपा नेता
दैनिक जागरण का अपनी गली, अपने जिम्मे अभियान सराहनीय है। इसके चलते बहुत से लोग जागरूक हुए और कम से कम गली में किसी को भूखे नहीं सोने देने का संकल्प लिया। हम भी काम में जुटे हुए हैं।’ - राजेश केसरी, समाज सेवक
कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए लॉकडाउन बेहतर विकल्प है। ऐसे में गरीब परिवारों को मुश्किल तो जरूर है लेकिन जब हर कोई यह संकल्प लेगा कि किसी को भूखे नहीं सोने देना है तो सब ठीक हो जाएगा। दैनिक जागरण यह प्रेरणा दे रहा है। - बृज मेहरा, समाज सेवक