Jammu Kashmir Weather Update: जम्मू में पारा आज भी रहा 40 के पार, लू के थपेड़े करते रहे दिन भर परेशान
जम्मू में बेहाल कर देने वाली गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को भी पारा चालीस के पार ही रहा। लू के थपेड़े मुंह ढांपने को मजबूर कर गए। शाम को आंशिक बादल जरूर छाए लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल पाई।
जम्मू, जागण संवाददाता : देश के अन्य हिस्सों की तरह ही जम्मू में बेहाल कर देने वाली गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को भी पारा चालीस के पार ही रहा। लू के थपेड़े मुंह ढांपने को मजबूर कर गए। शाम को आंशिक बादल जरूर छाए लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल पाई।
सोमवार का आगाज हालांकि आंशिक बादलों के साथ हुआ लेकिन सूर्य निकलने के साथ गर्मी बढ़ती चली गई। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें तपने लग पड़ी। सरकारी छुट्टी होने के चलते अधिकतर लोगों ने गर्मी से बचने के लिए घरों में बैठना ही बेहतर समझा। जिस कारण शहर की सड़कों पर अन्य दिनों की तुलना में यातायात कम ही रहा। जो लोग निकले भी, वे भी गर्मी से बचने के प्रयास में दिखे। कोई छाता लिए चल रहा था तो किसी ने सिर चर ओढ़नी ले रखी थी। जहां कहीं भी छाया दिखी, लोग गर्मी से बचने के लिए यहां खड़े होकर राहत की सांस लेते दिखे।
हालत यह रही कि साेमवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम पर पारा 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी ने जम्मू में रात की नींद उड़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक जम्मू संभाग में आंशिक बादलों के साथ तापमान में हल्की गिरावट आएगी। वहीं श्रीनगर में हल्की बूंदाबांदी होगी।
तापमान अधिकतम न्यूनतम
जम्मू 42.8 30.5
बनिहाल 29.2 18.2
बटोत 31.8 19.1
कटड़ा 40.4 26.8
भद्रवाह 30.5 17.2
श्रीनगर 24.9 15.4
काजीगुंड 25.8 13.3
पहलगाम 22.9 9.1
कुपवाड़ा 28.0 13.3
कुकरनाग 25.1 13.1
गुलमर्ग 15.5