यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Target Killing In Kashmir : कश्मीर में आतंकियों ने पश्चिम बंगाल के नागरिक पर किया हमला, गोलीबारी में घायल
Target Killing In Kashmir कश्मीर में आतंकवादी अब तक 26 लोगों की टारगेट किलिंग कर चुके हैं। पुलिस के एक ...और पढ़ें

श्रीनगर, जेएनएन : कश्मीर में आतंकवादियों ने एक बार फिर बाहरी प्रदेश के नागरिक को निशाना बनाने का प्रयास किया है। आज शुक्रवार सुबह दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा के उगरगुंड इलाके में सुरक्षाबलों ने टारगेट किलिंग का प्रयास करते हुए पश्चिम बंगाल के एक नागरिक पर गोलीबारी की। आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलवामा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि उगरगुंड इलाके में काफी समय से रह रहे पश्चिम बंगाल के निवासी मुनीब उल रहमान पुत्र अब्दुल काबे जब काम के लिए घर से निकला तो अचानक से आतंकवादियों ने उस पर हमला कर दिया। कुछ संदिग्ध बंदूकधारी उसके सामने आए और उस पर गोलीबारी करते हुए वहां से फरार हो गए। इससे पहले कि आसपास रहने वाले लोग कुछ कर पाते आतंकवादी वहां से निकल भागे।
घायल मुनीब वहीं सड़क पर गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इस बीच पुलिस व सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। घायल मुनीब का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
आपको जानकारी हो कि कश्मीर में आतंकवादी अब तक 26 लोगों की टारगेट किलिंग कर चुके हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी कश्मीर में दहशत पैदा करने के लिए बाहरी प्रदेशों के नागरिक को निशाना बना रहे हैं। कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस व अन्य सुरक्षाबल पूरा प्रयास कर रहे हैं। एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने गत वीरवार को पत्रकारों को इस बात की जानकारी दी थी कि इन आठ महीनों में 140 आतंकवादियों को कश्मीर में विभिन्न मुठभेड़ों में मार गिराया गया। इनमें 36 आतंकवादी विदेशी थी।
वहीं पुलिस का कहना है कि पश्चिम बंगाल के नागरिक मुनीब पर हमला करने वाले आतंकवादियों को जल्द ढूंढ निकाला जाएगा। जिस जगह हमला किया गया है, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। हमलावरों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। आपको यह जानकारी भी हो कि कश्मीर में बाहरी प्रदेशों के रह रहे नागरिकों को सुरक्षा मुहैया कराने के केंद्र सरकार ने निर्देश भी जारी किए हैं। घाटी में जिन इलाकों में ये बाहरी मजदूर रह रहे हैं, उनकी बस्तियों में सीआरपीएफ को तैनात किया जा रहा है।
