Jammu Kashmir: अनंतनाग के जंगल में आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार बरामद
आइजीपी विजय कुमार ने कहा कि कृष्णा ढाबा हमले के साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद ही अनंतनाग जिला के जंगल में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर संभाग में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
जम्मू, जेएनएन। पुलिस और सेना ने एक संयुक्त अभियान चलाते हुए कश्मीर संभाग के अनंतनाग जिला में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। वहां से काफी मात्रा में हथियार और अन्य विस्फोटक सामान बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला के जंगलों में पुलिस और सुरक्षाबलों को आतंकवादिायें के एक ठिकाने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद दोनों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। आतंकवादियों के ठिकाने से 3 एके 56, 2 चीन निर्मित पिस्तौल, 2 हथगोले, 2 दूरबीन, 6 एके मैगजीन, 3 पाउच और सोलर बैटरी बरामद हुई है।
सुरक्षाबलों को गत शनिवार बीती रात पुख्ता जानकारी मिली कि अनंतनाग के जंगलों में आतंकवादियों ने छिपने का ठिकाना बनाया है। इसी के मद्देनजर अनंतनागत पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त तलाशी अभियान रविवार तड़के शुरू किया और कुछ ही समय के उपरांत उनके हाथों एक बहुत बड़ी सफलता लगी है। अनंतनाग के जिस जंगल से आतंकवादियों के ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया, उसी जगह के आसपास अभी भी तलाशी अभियान जारी है।
इसी बीच कश्मीर के आइजीपी विजय कुमार ने कहा कि कृष्णा ढाबा हमले के साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद ही अनंतनाग जिला के जंगल में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर संभाग में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। गर्मियों के सीजन में कश्मीर की सैर करने के लिए आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जा रहा है। चप्पे-चप्पे पर नाके लगाए जा रहे हैं। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा को यकीनी बनाए रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।