विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: तवी रिवर फ्रंट का काम कहां तक पहुंचा? फेज-1 पूरा, अगले दो चरण अटके; अब आगे क्या?

Published: Sun, 27 Sep 2026 07:15 AM (IST)

तवी रिवर फ्रंट का पहला चरण पूरा हो चुका है, लेकिन दूसरे और तीसरे चरण के प्रस्ताव अभी केंद्र सरकार ...और पढ़ें

तवी रिवर फ्रंट के दूसरे-तीसरे चरण को केंद्र की हरी झंडी का इंतजार।

तवी रिवर फ्रंट के दूसरे-तीसरे चरण को केंद्र की हरी झंडी का इंतजार।

HighLights

  1. तवी रिवर फ्रंट का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

  2. दूसरे और तीसरे चरण केंद्र की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।

  3. राज्य स्तर पर स्वीकृत, पर फंडिंग के अभाव में अटका है।

अंचल सिंह, जम्मू। गुजरात के साबरमती की तर्ज पर विकसित किए जा रहे तवी रिवर फ्रंट का पहला चरण समाप्त हो चुका है लेकिन दूसरे और तीसरे चरण का प्रस्ताव अभी फाइलों में घूम रहा है। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद ही इन पर काम शुरू हो पाएगा। अलबत्ता राज्य सरकार ने इसे मंजूरी दे दी है।

तवी रिवर फ्रंट के दूसरे चरण में बिक्रम चौक से गुज्जर नगर और तीसरे चरण में गुज्जर नगर से हरि की पौढ़ी तक के हिस्से को विकसित करने की योजना है। जब यह तीनों चरण पूरे हो जाएंगे तो इससे जम्मू शहर की छटा ही बदल जाएगी।

साबरमती की तर्ज पर तवी नदी में पर्यटक जल क्रीडाओं का आनंद ले पाएंगे तो वहीं जम्मू की आर्थिक स्थिति में भी बदलाव आएगा। फिलहाल बिक्रम चौक से भगवती नगर चौथे पुल तक तवी रिवर फ्रंट विकसित हुआ है। अभी से यह पर्यटकों को आकर्षित करने लगा है। सुबह-शाम लोग यहां पहुंच रहे हैं।

बिक्रम चौक से हरि की पौढ़ी तक बढ़ेगा रिवर फ्रंट

अमरनाथ यात्रा के दौरान महा आरती, जल क्रीड़ाएं देखने को मिली थीं। विधानसभा सत्र के दौरान सरकार द्वारा दिए गए लिखित जवाब के अनुसार बिक्रम चौक से गुज्जर नगर और गुज्जर नगर से हरि की पौढ़ी तक बनने वाले रिवर फ्रंट के विस्तार की योजना अभी केंद्र सरकार की मंजूरी और फंडिंग के इंतजार में अटकी है।

चरण-1 का काम हो चुका है पूरा

जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तवी रिवर फ्रंट के चरण-1 का निर्माण कार्य बैराज से बिक्रम चौक पुल तक पूरा किया जा चुका है। बाढ़ से बचाव, मनोरंजक स्थानों के विकास और एक सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट बनाने के उद्देश्य से यह काम जनवरी 2022 में शुरू हुआ था। तवी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 2.70 किलोमीटर के हिस्से में फैले भाग-ए के इस निर्माण की कुल लागत 135.45 करोड़ आई है।

इसके तहत बाएं किनारे का निर्माण दिसंबर 2025 में और दाएं किनारे का निर्माण जनवरी 2026 में 100 प्रतिशत भौतिक प्रगति के साथ पूरा करने का दावा किया गया। हालांकि अभी भी सौंदर्यीकरण के काम अंतिम चरण में हैं। इस परियोजना में नदी के बहाव क्षेत्र को 250-300 मीटर की चौड़ाई में चैनलाइज किया गया है और चार प्रोमेनेड बनाए गए हैं, जिनमें 8.0 मीटर चौड़ा एक निचला प्रोमेनेड, 5.75 मीटर चौड़े दो मध्य प्रोमेनेड और 6.0 मीटर चौड़ा एक ऊपरी प्रोमेनेड शामिल है।

यूटी स्तर से मिली मंजूरी, अब केंद्र के पाले में गेंद

विधानसभा में पेश किए गए विवरण के अनुसार तवी रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट के चरण-2 (बिक्रम चौक से गुज्जर नगर) के प्रस्ताव को यूनियन टेरिटरी लेवल टेक्निकल कमेटी द्वारा 7 अगस्त 2026 को अपनी पहली बैठक में विचार किया गया था।

इसके बाद 31 अगस्त 2026 को यूटी लेवल हाई पावर्ड स्टीयरिंग कमेटी ने इसे मंजूरी दे दी। अब यह प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की एपेक्स कमेटी के पास भेजा गया है।

वित्तीय सहायता की मांग

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की पहल अरबन चैलेंज फंड के तहत इस परियोजना को वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह फंड बाजार-संचालित और टिकाऊ शहरी विकास परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है। केंद्र सरकार और यूसीएफ फ्रेमवर्क से हरी झंडी व फंड की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही जमीन पर इसका निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।

चरण-3 पर विचार, अब तक एक रुपया भी खर्च नहीं

विधानसभा सत्र के दौरान दिए गए जवाब में यह भी स्पष्ट किया गया है कि गुज्जर नगर से हरि की पौढ़ी तक के हिस्से जिसे चरण-3 में रखा गया है, को परियोजना के आगामी चरण में शामिल करने पर विचार चल रहा है। वर्तमान में चरण-2 और चरण-3 केवल प्रस्ताव और अनुमोदन के स्तर पर हैं, जिस कारण अब तक इस पर कोई वित्तीय खर्च नहीं हुआ है।

काम शुरू होने और पूरा होने की कोई समय-सीमा तय नहीं

विधानसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब तक परियोजना प्रस्ताव को अंतिम रूप नहीं मिल जाता और केंद्र से आवश्यक स्वीकृतियां व फंड जारी नहीं हो जाते, तब तक चरण-2 और चरण-3 के शुरू होने या पूरा होने की कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की जा सकती। ऐसे में जम्मूवासियों के लिए तवी रिवर फ्रंट के इस विस्तार का इंतजार लंबा खिंचता नजर आ रहा है।