जम्मू तवी रेलवे स्टेशन आने-जाने वालों के लिए जरूरी खबर! 16 सितंबर से बदलेगा एंट्री-एग्जिट रूट, चेक करें नया रास्ता
Jammu Tawi Railway Station: जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर 16 सितंबर से प्रवेश और निकास व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। ...और पढ़ें

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर 16 सितंबर से बदलेगी प्रवेश-निकास व्यवस्था।
HighLights
जम्मू तवी स्टेशन पर 16 सितंबर से नई व्यवस्था लागू।
प्रवेश प्लेटफॉर्म नंबर-1 साइड से, निकास नरवाल साइड से।
पुनर्विकास कार्य के कारण अस्थायी बदलाव किए गए।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के चलते यात्रियों की सुविधा और सुचारू आवागमन के लिए स्टेशन की प्रवेश और निकास व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। 16 सितंबर से नई व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत रेलवे स्टेशन में प्रवेश के लिए प्लेटफार्म नंबर-1 साइड का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि यात्रा पूरी करने वाले यात्रियों के लिए सेकंड साइड यानी नरवाल साइड से निकास की व्यवस्था रहेगी।
रेलवे के अनुसार, अब स्टेशन पहुंचने वाले सभी यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर-1 साइड से प्रवेश करना होगा। वहीं, जिन ट्रेनों का ठहराव प्लेटफार्म नंबर-1 पर है, उनमें यात्रियों को छोड़ने आने वाले परिजन प्लेटफार्म नंबर-1 साइड से ही बाहर निकल सकेंगे।
दूसरी ओर, ट्रेन से अपनी यात्रा पूरी कर जम्मू तवी पहुंचने वाले यात्रियों को सेकंड साइड (नरवाल साइड) से स्टेशन से बाहर निकलना होगा। यानी नई व्यवस्था के तहत प्रवेश प्लेटफार्म नंबर-1 साइड और निकास नरवाल साइड से होगा।
जम्मू रेलवे स्टेशन पर क्यों हो रहा बदलाव?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान यह व्यवस्था अस्थायी रहेगी।
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने पर दिशा-निर्देशक साइनेज का पालन करें और नई व्यवस्था के अनुसार ही प्रवेश एवं निकास करें।
रेलवे का कहना है कि पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को जम्मू तवी स्टेशन पर आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों ने यात्रियों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
