विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में भारत-पाक सीमा पर मिला पाकिस्तानी गुब्बारा! उर्दू में लिखा था ये संदेश, जांच में जुटीं एजेंसियां

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:35 AM (IST)

भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सांबा के रामगढ़ में एक संदिग्ध गुब्बारा मिला है, जिस पर पाकिस्तान का झंडा और स्वतंत्रता ...और पढ़ें

सांबा के रामगढ़ क्षेत्र में नंगा गांव के पास मिला संदिग्ध गुब्बारा।

 सांबा के रामगढ़ क्षेत्र में नंगा गांव के पास मिला संदिग्ध गुब्बारा।

HighLights

  1. सांबा के रामगढ़ में भारत-पाक सीमा पर मिला संदिग्ध गुब्बारा।

  2. गुब्बारे पर पाकिस्तान का झंडा और उर्दू में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।

  3. पुलिस ने गुब्बारा जब्त कर जांच शुरू की, सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क।

जागरण संवाददाता, जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिला सांबा के रामगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से आया संदिग्ध गुब्बारा मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। नंगा गांव के पास एक व्यक्ति को पाकिस्तान निर्मित पालीथिन का गुब्बारा मिला, जिस पर पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज छपा हुआ था। गुब्बारे पर उर्दू में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं लिखा हुआ था। संदिग्ध गुब्बारा मिलने की सूचना रामगढ़ पुलिस को दी गई।

नंगा गांव के पास स्थानीय व्यक्ति की नजर आसमान से आकर गिरे पालीथिन के गुब्बारे पर पड़ी। गुब्बारे को देखकर उसे संदेह हुआ, जिसके बाद उसने इसकी सूचना संबंधित बार्डर पुलिस पोस्ट कामोर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मौके पर गुब्बारे की प्रारंभिक जांच की। जांच के दौरान उस पर पाकिस्तान का झंडा और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं से संबंधित संदेश छपा पाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने गुब्बारे को जब्त कर लिया है।

गुब्बारे को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू

अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गुब्बारा पाकिस्तान की तरफ से हवा के साथ उड़कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचा या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। सीमा क्षेत्र में पाकिस्तान की तरफ से पहले भी ड्रोन और अन्य संदिग्ध वस्तुओं के भारतीय क्षेत्र में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां प्रत्येक संदिग्ध वस्तु को गंभीरता से लेकर उसकी जांच करती हैं। पुलिस ने भी गुब्बारे को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुरक्षा एजेंसियों की नजर

गुब्बारा मिलने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की संभावना को देखते हुए आसपास के इलाकों पर नजर रख रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह गुब्बारा महज हवा के साथ भारतीय क्षेत्र में पहुंचा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।